टीम इंडिया ने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप जीतकर एक और इतिहास रच दिया है. जीत के बाद भारत में हर तरफ जश्न का माहौल है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया.
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में खेल, राजनीतिक व सामाजिक जगत से लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं. वहीं दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने खास अंदाज में बधाई दी है.
डीएमआरसी का अनोखा बधाई संदेश
टीम इंडिया की जीत पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक रचनात्मक संदेश साझा किया. डीएमआरसी ने लिखा, “क्रिकेट पिच से लेकर शहर की लाइफलाइन तक, यह सब बेहतरीन तरीके से मंजिल तक पहुंचने के बारे में है. आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में शानदार जीत के लिए टीम इंडिया को दिल से बधाई.”
From the cricket pitch to the city’s lifelines, it’s all about reaching the destination with excellence.
Heartiest congratulations to the Team India for their spectacular victory in the ICC Men’s T20 World Cup.#ICCMensT20WorldCup #icct20worldcup2026 pic.twitter.com/lw6Q9iVdxX
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) March 8, 2026
डीएमआरसी का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो ने क्रिकेट की भाषा में टीम इंडिया की जीत को जोड़ते हुए खिलाड़ियों के जज्बे और शानदार प्रदर्शन की सराहना की.
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित नेताओं की बधाई
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने बधाई संदेश दिए. उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप एक बार फिर जीतने और खिताब बरकरार रखने पर टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई.
उन्होंने कहा कि फाइनल में शानदार प्रदर्शन के साथ भारत तीन ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गया है. यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और करोड़ों भारतीय प्रशंसकों को भी शुभकामनाएं दीं, जिनके अटूट समर्थन ने इस सफलता को संभव बनाया.
केंद्रीय मंत्री और अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी सोशल मीडिया पर टीम इंडिया की जीत को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने लिखा कि इतिहास फिर नीले रंग में दहाड़ा है और टीम इंडिया ने एक बार फिर दुनिया जीत ली है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तीसरी बार आईसीसी मेन्स टी20 इंटरनेशनल वर्ल्ड कप जीतकर खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया.
उन्होंने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल सहित पूरी टीम की तारीफ करते हुए कहा कि निडर क्रिकेट, अटूट विश्वास और लगातार जोश ने इस जीत को अरबों भारतीयों के लिए उत्सव बना दिया.