Skip to content

Pune News: डिलीवरी बॉय ने कहा- ‘यू आर वेरी ब्यूटीफुल’, युवती से की छेड़छाड़, आरोपी CCTV में कैद

पुणे के शिवाजीनगर इलाके में एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. डिलीवरी बॉय पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगा है. आरोप है कि एक प्राइवेट ऐप से ऑर्डर करने के बाद सामान देने आए डिलीवरी बॉय ने युवती का हाथ छुआ और बदतमीजी की. इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. ये घटना 6 मार्च की है.

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, शिवाजीनगर इलाके में रहने वाली एक महिला ने एक मोबाइल ऐप से कुछ सामान ऑर्डर किया था. 6 मार्च को शाम करीब 5 बजे डिलीवरी बॉय सामान लेकर उसके घर पहुंचा था.

डिलीवरी बॉय ने पानी पीने के बहाने की युवती से छेड़छाड़

डिलीवरी बॉय के पहुंचने पर युवती ने दरवाजा खोला और उससे सामान ले लिया. पार्सल देने के बाद डिलीवरी बॉय ने लड़की से पीने का पानी मांगा. युवती ने उसे पानी दिया. इसी दौरान डिलीवरी बॉय ने उसका हाथ छूकर कहा, “तुम बहुत सुंदर लग रही हो.” इससे लड़की डर गई.

आरोपी डिलीवरी बॉय की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के समय महिला का बच्चा और सास घर पर मौजूद थे. उसने अपने पति को घटना के बारे में बताया. इसके बाद दोनों सीधे शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन गए और शिकायत दर्ज कराई. शिवाजीनगर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है. ऐसे में अब आरोपी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसके आधार पर आरोपी की तलाशा जारी है.

पिछले साल पुणे में हुई थी नाबालिग से रेप की घटना

पिछले साल दिसंबर महीने में महाराष्ट्र के पुणे के विश्रांतवाड़ी इलाके में नाबालिग लड़की से रेप का मामला सामने आया था. 4 दिसंबर को यहां एक लड़के पर नाबालिग लड़की से रेप करने का आरोप लगा था. घटना की सूचना लड़की ने अपने परिवार को दी, जिसके बाद पीड़िता के परिवार वालों ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी. आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *