Skip to content

Amroha News: बीमे की रकम के लालच में 5 साल के मासूम का अपहरण, 6 घंटे में सकुशल बरामद

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रिश्तों को शर्मसार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां रिश्ते के भाई ने बीमे की रकम के लालच में पांच साल के मासूम का अपहरण कर लिया. शनिवार को दादा के साथ खेत पर गए पोते को आरोपी धोखे से ले गया और बिजनौर के नूरपुर पहुंचकर फिरौती मांगी. जिसके बाद परिजनों के होश उड़ गए. क्यूंकि कुछ दिनों पहले ही बच्चे के पिता की हादसे में मौत हो चुकी थी.

मामले की जानकारी पुलिस को दी गयी, जिस पर एसपी अमरोहा अमित आनंद खुद एक्टिव हो गए आयर कई पुलिस टीमों को लगाकर महज छह घंटे में ही बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया. और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा.

क्या है पूरा मामला ?

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी लवीश रिश्ते में मासूम का भाई लगता है. बताया जा रहा है कि बच्चे के पिता की मौत कुछ समय पहले सड़क हादसे में हो गई थी, जिसके बाद बीमा की रकम परिवार के खाते में आई थी. इस बात की जानकारी लवीश को थी और इसी लालच में उसने अपने दो साथियों आकाश और धर्मेन्द्र के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रच डाली.
मासूम अपने दादा के साथ खेत पर गया था. इसी दौरान आरोपी उसे बहाने से अपने साथ ले गया और बाइक से बिजनौर जिले के नूरपुर पहुंच गया. इसके बाद आरोपियों ने परिजनों को फोन कर 12 लाख रुपये की फिरौती मांगने की योजना बनाई.

एसपी की सतर्कता काम आई

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. एसपी की मौजूदगी में कई टीमों को तुरंत लगाया गया और लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस ने बच्चे को नूरपुर से सकुशल बरामद कर लिया. साथ ही लवीश, आकाश और धर्मेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया गया. अपहरण की हुई घटना के बाद एसपी अमरोहा अमित कुमार आनंद नौगामा सादात थाने में पहुंच कर लगातार मॉनिटरिंग करते रहे, आरोपियों के पकड़े जाने तक लगातार थाने में बैठकर घटना की मूवमेंट लेते रहे. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें जेल भेज दिया है. वहीं बच्चे के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *