यूपी के ग्रेटर नोएडा स्थित सूरजपुर कस्बे से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां तीसरी मंजिल से नीचे गिरने से एक 3 साल के मासूम की मौत हो गई. वहीं घायल मासूम को अस्पताल ले जाया गया जहां अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगा कर परिजनों ने हंगामा किया.
मौके पर पहुंची सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया. कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पंचनामा की कार्रवाई की गई है. जिसके बाद परिजनों को बच्चे का शव सौंप दिया गया. परिजनों की तरफ से अभी कोई शिकायत नहीं दी गई है.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, मूलरूप से हमीरपुर निवासी अशोक अपने परिवार के साथ कस्बा में रहते हैं और मजदूरी करते हैं. निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल से खेलते समय 3 साल का गगन 6 मार्च को नीचे गिर गया था. गगन के पिता यानी अशोक उस समय उसी मकान में काम कर रहे थे. जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, वैसे ही मौके पर हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए शारदा अस्पताल में भर्ती कराया. जहां उपचार के दौरान 3 साल के मासूम गगन की मौत हो गई.
मासूम की मौत के बाद भड़का मामला
मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया. घंटों तक अस्पताल में बहस और गहमा गहमी का दौर जारी रहा जिसके बाद सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने वहां पहुंच कर उन्हें शांत करवाया.
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी का कहना है कि बच्चे का पोस्टमॉर्टम कराने की बात कही थी, लेकिन परिजनों ने इनकार कर दिया. पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है.