ईरान इजरायल युद्ध वजह से दुबई में फंसे महाराष्ट्र के मराठी पर्यटकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सरकार लगातार कोशिश कर रही है. इसी कड़ी में दुबई में रह रहे मराठी प्रवासियों और समुदाय की सहायता के लिए शुरू की गई IPF MahaHelpline सेवा को, फिलहाल ईरान-अमेरिका संघर्ष के कारण उत्पन्न हुई यात्रा संबंधी बाधाओं के चलते दुबई में फंसे महाराष्ट्र के पर्यटकों के लिए एक विशेष हेल्पलाइन के रूप में सक्रिय किया गया है.
राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण भारतीय दूतावास IPF महा हेल्पलाइन के संपर्क में है. इस हेल्प लाइन के जरिए अबतक 500 पर्यटकों को स्वदेश वापसी कराया गया है.इस हेल्पलाइन के शुरू होने के केवल एक दिन के भीतर ही 1,200 से अधिक प्रभावित यात्रियों से सहायता के अनुरोध प्राप्त हुए हैं, ऐसी जानकारी दुबई से इस पहल का नेतृत्व कर रहे राहुल तुलपुले ने दी.
सरकार ने शुरू की आईपीएफ हेल्पलाइन
महाराष्ट्र सरकार की मान्यता से शुरू की गई IPF MahaHelpline (+971503654357) सेवा यूएई के पांच शहरों में कार्यरत 20 से अधिक स्वयंसेवकों की टीम के माध्यम से 24 घंटे संचालित की जा रही है. इस हेल्पलाइन के माध्यम से फंसे हुए यात्रियों को होटल में ठहरने की अवधि बढ़वाने, भोजन और दवाइयों की व्यवस्था, अस्थायी आवास, परिवहन सुविधा तथा भारतीय दूतावास से समन्वय जैसी विभिन्न प्रकार की सहायता प्रदान की जा रही है.
इसके अलावा, स्थानीय डॉक्टरों की सलाह और आवश्यक प्रिस्क्रिप्शन के माध्यम से जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए एक अलग चिकित्सा सहायता टीम भी कार्यरत है, जिससे यात्रियों का चल रहा इलाज बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है.
भारतीय दूतावास के संपर्क में हेल्पलाइन की टीम
हेल्पलाइन की टीम दुबई स्थित भारतीय दूतावास के साथ भी लगातार समन्वय बनाए हुए है. भारतीय राजदूत और कॉन्सुल जनरल से नियमित जानकारी प्राप्त की जा रही है और सत्यापित व अद्यतन जानकारी प्रभावित यात्रियों तक पेशेवर ढंग से संचालित व्हाट्सएप समन्वय समूहों के माध्यम से पहुंचाई जा रही है.
2 से 6 मार्च के दौरान दुबई के विभिन्न हवाई अड्डों से तथा ओमान के मस्कट से उपलब्ध उड़ानों के जरिए 500 से अधिक यात्री सुरक्षित भारत लौट चुके हैं. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और बीजेपी महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण दुबई स्थित भारतीय कॉन्सुल जनरल तथा IPF MahaHelpline की प्रबंधन टीम के साथ लगातार संपर्क में हैं और इस क्षेत्र में फंसे यात्रियों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
यात्रियों के लिए की जा रही परिवहन की व्यवस्था
हेल्पलाइन के परिवहन समन्वयक प्रसाद पाटील के नेतृत्व में फुजैराह और मस्कट जैसे वैकल्पिक प्रस्थान केंद्रों तक जाने वाले यात्रियों के लिए परिवहन की व्यवस्था की जा रही है. वहीं नीलम नांदेडकर और श्वेता करंदीकर के नेतृत्व में कार्यरत प्राथमिक सहायता टीम छोटे बच्चों, शिशुओं और वरिष्ठ नागरिकों वाले परिवारों को विशेष सहायता प्रदान कर रही है.
इस बीच भूषण चौधरी और प्रसाद दातार डेटा प्रबंधन, हेल्पलाइन के दैनिक संचालन तथा व्हाट्सऐप समूहों के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, ताकि फंसे हुए यात्रियों और स्वयंसेवकों के नेटवर्क के बीच सुचारू समन्वय बना रहे. हवाई क्षेत्र में आई बाधाओं के कारण IndiGo, SpiceJet और Air India की कई उड़ानें रद्द होने के बाद राहुल तुलपुले (प्रमुख – IPF MahaHelpline) के नेतृत्व में टीम ने 400 से अधिक प्रभावित यात्रियों की सूची तैयार की है.
सीएम और प्रदेश अध्यक्ष की स्थिति पर नजर
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और रवींद्र चव्हाण स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं और फंसे हुए मराठी यात्रियों को सहायता मिले इसके लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं. इसके बाद यह सूची कॉन्सुलेट के माध्यम से संबंधित एयरलाइंस को भेजी गई है, ताकि उपलब्ध सीटों और उड़ानों में इन यात्रियों को प्राथमिकता देकर उन्हें जल्द से जल्द भारत वापस लाया जा सके.
उड़ानों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है. ऐसे में आने वाले कुछ दिनों में अधिक से अधिक यात्रियों को स्वदेश भेजने के लिए हेल्पलाइन की टीम महाराष्ट्र सरकार, दुबई स्थित भारतीय कॉन्सुल जनरल कार्यालय, एयरलाइंस और चार्टर ऑपरेटर्स के साथ मिलकर काम कर रही है, ऐसी जानकारी राहुल तुलपुले ने दी.
ये भी पढ़ें: ईरान-इजरायल युद्ध पर बोले वारिस पठान, ‘नेतन्याहू और ट्रंप तो…’, PM मोदी को लेकर क्या कहा?