Skip to content

IND vs NZ Final: हजारों पुलिसकर्मी, CCTV और बैरिकेडिंग… कड़ी सुरक्षा के बीच T20 विश्व कप फाइनल के लिए अहमदाबाद तैयार

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल से पहले अहमदाबाद में सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए गए हैं. अहमदाबाद पुलिस के मुताबिक स्टेडियम और उसके आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. मैच के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए कई नई व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे स्टेडियम परिसर में सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहली बार ‘होल्डिंग एरिया’ बनाया गया है ताकि एक साथ बड़ी संख्या में पहुंचने वाले दर्शकों को व्यवस्थित तरीके से अंदर भेजा जा सके.

मैदान में जबरन घुसने की कोशिश करने वाले लोगों और टिकट की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस ने साफ किया है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.

बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती

अहमदाबाद सिटी के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस नीरज कुमार बडगुजर के अनुसार मैच के लिए व्यापक पुलिस बंदोबस्त किया गया है. एएनआई के अनुसार, उन्होंने बताया कि 121 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और 2000 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे. गेट नंबर 1 और 2 पर भीड़ अधिक रहने की संभावना को देखते हुए वहां विशेष बैरिकेडिंग की गई है. साथ ही पुलिस अधिकारियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है ताकि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

CCTV और VVIP सुरक्षा पर विशेष ध्यान

स्टेडियम परिसर में सुरक्षा निगरानी के लिए 300 से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों के जरिए पूरे मैच आयोजन और दर्शकों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी. इसके अलावा VVIP मेहमानों की सुरक्षा के लिए भी अलग से विशेष इंतजाम किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक मैच देखने के लिए अलग-अलग शहरों से बड़ी संख्या में दर्शक अहमदाबाद पहुंचेंगे. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस को भी बड़ी संख्या में तैनात किया गया है और कई जगह ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए हैं.

मेट्रो स्टेशनों और सड़कों पर भी व्यवस्था

पुलिस ने बताया कि मैच के दिन मेट्रो स्टेशनों और आसपास के इलाकों में भी भीड़ बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए वहां भी अतिरिक्त पुलिस बल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है. प्रशासन का कहना है कि इन सभी सुरक्षा इंतजामों का उद्देश्य दर्शकों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में मैच का आनंद दिलाना है. पुलिस लगातार निगरानी कर रही है ताकि मैच के दौरान किसी भी तरह की सुरक्षा चुनौती सामने न आए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *