Skip to content

नोएडा: प्यार, पैसा और कत्ल, 3 लाख के लालच में प्रेमी ने की महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली से सटे नोएडा में एक खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ है. थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने ‘प्यार, पैसा और कत्ल’ की एक उलझी हुई गुत्थी को सुलझाते हुए एक विवाहित महिला की हत्या के आरोप में उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई कार और लूटे गए 3 लाख रुपये नकद भी बरामद कर लिए हैं.

एडिशनल डीसीपी (नोएडा) मनीषा सिंह ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरी घटना 2 मार्च 2026 की है. उस दिन नोएडा एक्सप्रेस-वे के पास स्थित पंचशील अंडरपास की सर्विस रोड के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी. पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. शुरुआती जांच में मृतका की पहचान दिल्ली निवासी ‘कविता’ के रूप में हुई.

हत्यारों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने ‘मैनुअल इंटेलिजेंस’ और ‘इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस’ का सघन जाल बिछाया. जांच की सुई जल्द ही कविता के कथित प्रेमी विक्की (पुत्र मोहनलाल माथुर) की तरफ घूम गई. सबूतों की कड़ियाँ जुड़ते ही पुलिस ने शुक्रवार (6 मार्च) रात विक्की को सेक्टर-129 इलाके से धर दबोचा.

3 लाख रुपये लेकर प्रेमी के पास पहुंची थी मृतका

पुलिस की सख्ती से हुई पूछताछ में हत्या का जो मकसद (Motive) सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी विक्की और मृतका कविता के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. कविता पहले से शादीशुदा थी, लेकिन वह अपना घर छोड़कर विक्की के साथ जीवन बिताना चाहती थी. इसी चाहत में वह अपने घर से 3 लाख रुपये नकद लेकर विक्की के पास आ गई थी.

लालच में दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, विक्की के मन में प्यार से कहीं ज्यादा उन पैसों का लालच था. जब कविता उसके पास पहुंची, तो पैसों को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि विक्की ने आपा खो दिया और बेरहमी से कविता की गला दबाकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद उसने सबूत मिटाने के इरादे से शव को सर्विस लेन पर फेंक दिया और 3 लाख रुपये लेकर कार से फरार हो गया.

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *