Skip to content

Uttarakhand News: पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा उत्तराखंड चुनाव 2027, अमित शाह ने दिए बड़े संकेत

उत्तराखंड की राजनीति में साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अब तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती नजर आ रही है. केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की खुलकर सराहना करते हुए संकेत दिया कि आगामी चुनाव भी उनके नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा.

देवभूमि में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी जनसैलाब उमड़ा. बताया जा रहा है कि करीब एक लाख से अधिक लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को सुना. कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर किया गया था, जिसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा गया.

धामी सरकार ने बीते चार सालों में राज्य को नई दिशा दी

अपने संबोधन में अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली और उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने बीते चार सालों में उत्तराखंड को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है. राज्य में कई ऐसे फैसले लिए गए हैं जिनकी चर्चा केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में हो रही है.

अमित शाह ने जनता से अपील करते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ लोगों ने अब तक बीजेपी को समर्थन दिया है, उसी तरह साल 2027 में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व पर भरोसा बनाए रखें. उनके इस बयान को बीजेपी के लिए एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है. दरअसल, भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की तैयारी में जुटी हुई है. पार्टी की कोशिश है कि साल 2027 में जीत की हैट्रिक लगाई जाए. ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व की ओर से धामी के नेतृत्व पर भरोसा जताया जाना संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए भी एक बड़ा संदेश माना जा रहा है.

BJP 2027 विधानसभा चुनाव में भी सीएम धामी को ही मैदान में उतारेगी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में पहल, निवेश को बढ़ावा देने, पर्यटन विकास, रोजगार के अवसर बढ़ाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. यही कारण है कि पार्टी नेतृत्व भी धामी के नेतृत्व को आगे बढ़ाने के पक्ष में नजर आ रहा है.

हरिद्वार से अमित शाह के इस बयान ने साफ संकेत दे दिया है कि बीजेपी आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ही अपना प्रमुख चेहरा बनाकर मैदान में उतर सकती है. राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भी नया उत्साह देखने को मिल सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *