Skip to content

Delhi News: होर्मुज स्ट्रेट को लेकर फैली अफवाह, सरकार बोली- ‘भारत में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं’

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक इंस्टाग्राम रील तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट बंद किए जाने के कारण भारत में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और कीमतों में उछाल आ सकता है. वीडियो में लोगों से तुरंत पेट्रोल पंप पर जाकर गाड़ियों की टंकी फुल कराने की अपील भी की जा रही है. हालांकि केंद्र सरकार और देश की प्रमुख तेल कंपनियों ने इस दावे को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया है कि भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से फैली अफवाह

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति के कारण भारत में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. वीडियो में लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे तुरंत पेट्रोल पंप पहुंचकर अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करवा लें, क्योंकि जल्द ही ईंधन की कमी और कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है. यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिससे कई लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई है.

केंद्र सरकार की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी में साफ कहा गया है कि सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा यह दावा पूरी तरह फर्जी है. देश में कच्चे तेल और पेट्रोल, डीजल और एटीएफ जैसे प्रमुख पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है. इन भंडारों के कारण मध्य पूर्व से जुड़ी किसी भी अल्पकालिक समस्या का आसानी से सामना किया जा सकता है.

PIB की चेतावनी, अफवाहों पर न करें भरोसा

प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने भी लोगों को ऐसे भ्रामक संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी है. पीआईबी के अनुसार लोगों को तुरंत पेट्रोल पंप जाकर टंकी फुल कराने के लिए उकसाने वाले संदेशों पर विश्वास नहीं करना चाहिए. सही और प्रमाणिक जानकारी के लिए केवल सरकारी या आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करना जरूरी है.

सरकार के मुताबिक भारतीय ऊर्जा कंपनियों के पास ऐसे कई वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत मौजूद हैं जो होर्मुज स्ट्रेट पर निर्भर नहीं हैं. इससे अगर किसी कारण से अस्थायी आपूर्ति बाधित भी होती है तो उसका असर देश में ईंधन उपलब्धता पर नहीं पड़ेगा. साथ ही पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति और स्टॉक की निगरानी के लिए मंत्रालय ने 24 घंटे काम करने वाला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया है.

इंडियन ऑयल ने कहा, घबराने की जरूरत नहीं

हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है. कंपनी के अनुसार भारत में कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और एटीएफ का पर्याप्त भंडार मौजूद है और देशभर में ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है. कंपनी ने कहा कि उसका विस्तृत रिटेल नेटवर्क पूरे देश में निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है.

इंडियन ऑयल ने भी वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं. कंपनी ने स्पष्ट किया कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और वितरण नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा है. इंडियन ऑयल ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं.

भारत पेट्रोलियम की अपील, अफवाहों से रहें दूर

भारत पेट्रोलियम ने भी सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को लेकर फैल रही अफवाहें भ्रामक हैं. कंपनी के मुताबिक भारत में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और किसी भी वैश्विक अल्पकालिक व्यवधान से निपटने की पूरी व्यवस्था है. इसके अलावा ऐसे वैकल्पिक स्रोत भी उपलब्ध हैं जो होर्मुज स्ट्रेट पर निर्भर नहीं हैं.

लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध खबर, वीडियो या तस्वीर की सत्यता जानने के लिए पीआईबी फैक्ट चेक से संपर्क करें. इसके लिए वाट्सएप नंबर +91 8799711259 और ईमेल factcheck@pib.gov.in पर जानकारी भेजी जा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *