Skip to content

‘जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई’, BJP पर बरसे अखिलेश यादव ने रूस को बताया पुराना मित्र

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता करते हुए कई राजनीतिक मुद्दों पर सरकार को घेरा. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की. अखिलेश यादव ने पूर्व डीआईजी राम शरद राम समेत कई लोगों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि इससे पार्टी और मजबूत होगी.

अखिलेश यादव ने कहा कि राम शरद राम जो पूर्व DIG हैं, उनका समाजवादी पार्टी में स्वागत करता हूं. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग सपा से जुड़ रहे हैं, जिससे यह साफ है कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर बढ़ रहा है.

महंगाई और टैक्स को लेकर सरकार पर निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने महंगाई और टैक्स को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार लगातार टैक्स लगा रही है और दूसरी तरफ महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है.

उन्होंने कहा, “जहां सरकार एक तरफ टैक्स लगा रही है, वहीं दूसरी तरफ महंगाई बढ़ती चली जा रही है. आज ही LPG पर 60 रुपये और बढ़ गए. उन्होंने कहा कि कुछ परिस्थितियों की वजह से महंगाई करनी पड़ रही है, बाद में कम करेंगे, लेकिन एक बार जो चीज महंगी हो गई वह बाद में कम नहीं होती.”

जब जाएंगे भाजपाई तभी हटेगी महंगाई- अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि जहां-जहां बीजेपी की सरकार है, वहां लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि गाड़ियों की कीमत ज्यादा होने का कारण भी भारी टैक्स है. उनके मुताबिक गाड़ियों पर लगभग 50 प्रतिशत तक टैक्स लगाया जा रहा है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है. उन्होंने कहा, “हमारी समझ में एक ही बात आती है कि जब जाएंगे भाजपाई तभी हटेगी महंगाई.”

पुलिस और कानून व्यवस्था पर सवाल

अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कई मामलों में पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि कानपुर से खबर आई कि पुलिस के लोगों की कॉल डिटेल निकल गई. जब कॉल डिटेल निकली तो पता चला कि अपराधियों को वही जानकारी देते थे.

गांजे की तस्करी पुलिस कर रही थी. पुलिस की कॉल डिटेल निकल गई, लेकिन अपराधियों की कॉल डिटेल नहीं निकाली गई. उन्होंने सवाल उठाया कि इतना गांजा पकड़ा जाता है, लेकिन आखिर वह जाता कहां है.

बीजेपी के गाने को लेकर FIR की बात

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोगों ने समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए एक गाना लॉन्च किया है. उन्होंने कहा, “बीजेपी के लोगों ने एक नया गाना लॉन्च किया है, उस पर हम FIR लिखवाएंगे. हमें समझ आ जाएगा कि वो पकड़े नहीं जाएंगे और नहीं पकड़े गए तो समझ लीजिए कि बीजेपी के लोग हैं.”

सपा सरकार के काम गिनाए

अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के दौरान किए गए कामों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए थे.

उन्होंने कहा, “जिसने पहले इतना काम किया, एक्सप्रेसवे बनाया, लैपटॉप बांटे, रिवर फ्रंट बनाया और बहुत से बड़े फैसले लिए. यूपी में सबसे ज्यादा थर्मल प्लांट सपा सरकार में लगे. बीजेपी ने यूपी में एक भी थर्मल प्लांट बनाया हो तो बताए.”

उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने लोकभवन, कैंसर इंस्टीट्यूट, बड़ी यूनिवर्सिटी, डायल 100, एंबुलेंस व्यवस्था और रिवरफ्रंट जैसे कई बड़े काम किए.

शिवपाल यादव ने भी सरकार को घेरा

प्रेस वार्ता में शिवपाल यादव ने भी सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि आज की सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है. उन्होंने कहा, “इतनी भ्रष्ट सरकार अभी तक के इतिहास में नहीं हुई. सारे रिकॉर्ड भ्रष्टाचार के इस सरकार ने तोड़ दिए.”

शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में हर स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है और जनता परेशान है. उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोग, मजदूर और आम जनता सब परेशान हैं और उनके साथ लूट हो रही है.

उन्होंने कहा कि यूपी के बजट में भी भ्रष्टाचार हो रहा है. उनके मुताबिक नौ साल में गड्ढों के नाम पर भारी रकम खर्च दिखाई गई, लेकिन सड़कों के गड्ढे भरे नहीं गए.

चुनाव आयोग और वोट कटवाने का आरोप

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के लोगों ने आवाज न उठाई होती तो कई जगह वोट कटवाने की तैयारी की जा रही थी.

उन्होंने कहा, “इलेक्शन कमीशन से पूछिए कि नंदलाल के वोट करवाने या दस्तखत कराने वाला कौन था. अगर सपा वालों ने शोर न मचाया होता तो हर विधानसभा में इन्होंने वोट कटवाने की तैयारी की थी. सरोजनीनगर में एक ही व्यक्ति के दस्तखत से कई वोट काटे जा रहे थे.”

रूस भारत का पुराना मित्र

प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने ईरान-इजराइल युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग घर वापस आना चाहते हैं, उन्हें सुरक्षित भारत लाने की जिम्मेदारी सरकार की है. उन्होंने कहा कि रूस भारत का पुराना मित्र है और अगर रूस से सस्ता तेल मिलता है तो भारत को और ज्यादा तेल खरीदना चाहिए, ताकि देश की अर्थव्यवस्था बेहतर हो सके.

पहले नीतीश बन सकते थे प्रधानमंत्री- अखिलेश 

अखिलेश यादव ने बिहार की राजनीति पर बोलते हुए कहा कि पहले चर्चा थी कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बन सकते हैं, लेकिन अब स्थिति बदल गई है. उन्होंने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य को नया हेलीकॉप्टर मिलना चाहिए. लखनऊ में 13 साल के बच्चे की गोली लगने से मौत के मामले में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उस परिवार की मदद करेगी.

शंकराचार्य  को लेकर अखिलेश यादव ने कहा, “शंकराचार्य एक विचार भी हैं. हम सब चाहते हैं कि गाय की सेवा हो, लेकिन जिस तरह उन पर बदनाम करने के आरोप लगाए जा रहे हैं, उससे शंकराचार्य के साथ-साथ सनातन को भी बदनाम किया जा रहा है.”

PDA सरकार बनाने का दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि समाज के शोषित और पीड़ित वर्गों को जोड़कर समाजवादी पार्टी प्रदेश में मजबूत विकल्प बनेगी.

उन्होंने कहा कि अब माहौल बन रहा है और सभी को मिलकर काम करना होगा. “हम सबकी जिम्मेदारी है कि इस सरकार को हटाना है और जनता को राहत दिलानी है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *