दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने हत्या के प्रयास के एक मामले में करीब एक महीने से फरार चल रहे दो नाबालिग आरोपियों को पकड़कर एक बड़ी सफलता हासिल की है. दोनों आरोपियों की उम्र 15 और 17 साल बताई जा रही है और ये दोनों सगे भाई हैं. पुलिस के मुताबिक यह मामला 6 फरवरी 2026 का है. जब जहांगीरपुरी के जी-ब्लॉक में रहने वाले मुकेश नाम के व्यक्ति काम से घर लौटे, तो उनके बेटे ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले दो लड़कों ने बिना किसी वजह के उसे थप्पड़ मार दिया.
यह बात सुनकर मुकेश अपने भाई के साथ उन लड़कों से बात करने के लिए उनकी झुग्गी के पास पहुंच गए. वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. इसी दौरान आरोप है कि दोनों नाबालिग लड़कों ने मुकेश और उनके भाई को धमकाया और अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया. हमले में मुकेश के भाई को कंधे और पेट में चाकू लगने से गंभीर चोट आई.
जहांगीरपुरी थाने में हत्या के प्रयास का केस दर्ज
वहीं, जब मुकेश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके हाथ में भी चाकू लग गया. इसके बाद इस मामले में जहांगीरपुरी थाने में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया. घटना के बाद दोनों नाबालिग आरोपी मौके से फरार हो गए थे और पिछले करीब एक महीने से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी. इसी बीच क्राइम ब्रांच की टीम को इन दोनों के बारे में कुछ अहम जानकारी मिली. इसके बाद एक विशेष टीम बनाई गई. यह टीम इंस्पेक्टर संदीप स्वामी के नेतृत्व में काम कर रही थी और पूरी कार्रवाई की निगरानी एसीपी गिरीश कौशिक कर रहे थे.
तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रैक
टीम में एसआई प्रदीप ढुल, एसआई अनिल सरोहा, एसआई रवि राणा, एएसआई सुनील समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस ने मानव खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर इन दोनों लड़कों की लोकेशन ट्रैक की. आखिरकार टीम ने कार्रवाई करते हुए जहांगीरपुरी इलाके से ही दोनों को पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने इस मामले में अपनी भूमिका भी स्वीकार कर ली. इसके बाद पुलिस ने उन्हें कानून के तहत हिरासत में ले लिया.
दोनों नाबालिग सगे भाई
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि दोनों नाबालिग सगे भाई हैं और बचपन से ही जहांगीरपुरी इलाके में रहते हैं. उन्होंने पढ़ाई भी ज्यादा नहीं की है. एक आठवीं तक पढ़ा है और दूसरा छठी तक. इनके पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं और परिवार में कुल पांच भाई हैं. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इलाके में दबदबा बनाने के लिए इन दोनों ने यह वारदात की थी. फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.