ईरान और इजरायल युद्ध से मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में दिखाई देने लगा है, ईरान और इजरायल के तनाव के बीच अब भारत में लोगों को महंगाई का झटका लगा है. भारत में घरेलू रसोई गैस की कीमतें में इजाफा हुआ है, इसका सीधा असर जनता की जेब पर पड़ेगा. घरेलू LPG सिलेंडर (14.2KG) की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, इसी तरह कमर्शियल सिलेंडर में लगभग 115 रुपये का इजाफा हुआ है. एलपीजी की नई दरें आज से लागू हो गई हैं.
एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी का असर हर आम और खास पर पड़ा है, घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोत्तरी ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है. घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमतों में इजाफे पर यूपी के मुरादाबाद की महिलाओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बढ़ी हुई कीमतों को अतिरिक्त बोझ बताया है.
‘आमदनी कम और खर्च ज्यादा’
एलपीजी की बढ़ी हुई कीमतों का असर जनता की जेब पर पड़ रहा है, एलपीजी की बढ़ी कीमतों मुरादाबाद की एक महिला ने कहा कि, “सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. बहुत सारी समस्याएं हैं. आमदनी कम है और खर्चा ज्यादा है…”
‘आमदनी से ज्यादा होगा खर्च’
इसी तरह मुरादाबाद की एक अन्य गृहिणी ने एलपीजी की बढ़ी हुई कीमतों पर कहा कि, “हम सिलेंडर लेने गए थे. 60 रुपये बढ़ गए हैं. अब इससे बहुत परेशानी होगी… महंगाई होगी तो खर्च आमदनी से ज्यादा होगा…” फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफे का असर आम और खास आदमी की जेब पर पड़ा है.
आपको बता दें कि, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में दाम 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 115 रुपये की बढ़ोत्तरी की है. नई कीमतें आज से ही लागू हो गई है. अब घर के साथ बाहर का खाना भी महंगा पड़ सकता है. कुल मिलाकर एलपीजी की बढ़ी हुई दरों का असर जनता की जेब पर ही पड़ना है.