Skip to content

Bilaspur News: कलोल में 5 साल की बच्ची से दुराचार का प्रयास, पुलिस ने आरोपी नाबालिग किया गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल के कलोल में एक नाबालिग लड़के द्वारा पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुराचार का प्रयास करने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. बीती रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही और पुलिस ने आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है.

जैसे ही पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुराचार के प्रयास की खबर इलाके में फैली वैसे ही लोगों का गुस्सा भड़क उठा. हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोपी नाबालिग के घर पर हंगामा किया. कार्यकर्ताओं ने आरोपी के घर के दरवाजे और शीशे तोड़ दिए. घटनास्थल पर उस वक्त बिजली भी गुल थी जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया. आरोपी नाबालिग और उसके परिजनों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया.

 भारी पुलिस बल तैनात, ASP और DSP मौके पर पहुंचे

बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत भारी पुलिस बल तैनात किया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार चौधरी और घुमारवीं के DSP विशाल वर्मा खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश की. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए देर रात तक मोर्चा संभाले रखा. पुलिस की सक्रियता से धीरे-धीरे माहौल शांत हुआ.

 बच्ची मेडिकल जांच के लिए भेजी, FIR दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

SP बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया गया है. पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी. बच्ची और उसके माता-पिता के बयान दर्ज करने के बाद FIR दर्ज कर ली गई है. SP ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं.

 मासूम की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और कानून के तहत उचित कार्यवाही होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *