बॉलीवुड फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने मास्टरमाइंड शुभम लोनकर के भाई और साजिश में शामिल प्रवीण लोनकर को गिरफ्तार कर लिया है. प्रवीण लोनकर को आर्थर रोड जेल से हिरासत में लिया गया. अब इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.
बता दें कि प्रवीण लोनकर बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में पहले से ही जेल में बंद है. प्रवीण लोनकर को गिरफ्तार करने के बाद क्राइम ब्रांच ने 6 मार्च को उसे विशेष मकोका कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने 16 मार्च तक क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेज दिया है.
अब क्राइम ब्रांच करेगी पूछताछ
एक पुलिस वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच के दौरान प्रवीण लोनकर की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में अब प्रवीण और इस मामले में पुणे और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी.
जेल में रह कर ही रच दी साजिश
मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की साजिश रचने में प्रवीण लोनकर भी जेल के अंदर रहकर शामिल था. क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया था कि प्रवीण लोनकर ने शेट्टी के घर पर फायरिंग में इस्तेमाल की गई बंदूक समेत कुल तीन बंदूकों को एक अज्ञात जगह पर रखा था और इसकी जानकारी सिर्फ लोनकर को थी.
निर्देश पर आरोपी आसाराम फासले उस जगह से जाकर तीन बंदूकें उठा लाया था और बाद में उन्हें आरोपी स्वप्निल सकट को सौंप दिया था. इतना ही नहीं, रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग में गाड़ी और हथियार मुहैया कराने की जिम्मेदारी पुणे मॉड्यूल पर थी. पुलिस के मुताबिक इस मॉड्यूल को शुभम लोनकर का भाई प्रवीण लोनकर कोऑर्डिनेट कर रहा था. प्रवीण की गिरफ्तारी के बाद अब कई और खुलासे होने की उम्मीद है.