Skip to content

Jaipur News: जुमे की नमाज के दौरान हादसा, फिरदौस मस्जिद की दीवार गिरी, 21 नमाजी घायल

राजस्थान में पिंक सिटी जयपुर में आज (शुक्रवार) को  रमजान महीने के तीसरे शुक्रवार पर जुमे की नमाज के दौरान बड़ा हादसा हुआ. यहां शास्त्री नगर की भट्टा बस्ती इलाके में स्थित फिरदौस मस्जिद में नमाज के दौरान वजू खाने के ऊपर के बिल्डिंग की दीवार गिर गई. इस हादसे में 21 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है. गंभीर रूप से घायल हुए नमाजियों को एसएमएस मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में इलाज के लिए रेफर किया गया है. हालांकि राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.

यह हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे उस वक्त हुआ, जब फिरदौस मस्जिद में जुमे की नमाज खत्म हो रही थी. तमाम बच्चे दुआ से पहले ही मस्जिद से वापस जाने के लिए निकलने लगे तभी वजूखाने के ऊपर बिल्डिंग की बाहरी दीवार अचानक गिर पड़ी. दीवार गिरने से पीछे मौजूद नमाजी मलबे में दब गए. कुछ लोग ऊपर से भी नीचे गिर पड़े. दीवार तकरीबन तीन फिट ऊंची थी और सौ फिट लंबी थी.

पांच से छह हजार नमाजी थे मौजूद

हादसे के वक्त मस्जिद में पांच से छह हजार नमाजी मौजूद थे. हादसा होते ही हड़कंप मच गया. स्थानीय थाना प्रभारी दीपक त्यागी और उनकी टीम नमाज के मद्देनजर मस्जिद के बाहर ही मौजूद थी. घायलों को तुरंत एंबुलेंस और निजी वाहनों से अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया. गंभीर घायलों को एसएमएस हॉस्पिटल रेफर किया गया है. पुलिस का भी मानना है कि भारी भीड़ की वजह से ऊपर की बिल्डिंग पर दबाव पड़ा और दीवार नीचे गिर गई.

मुख्य नमाज के बाद हुआ हादसा

गनीमत यह रही कि यह हादसा उसे वक्त हुआ, जब कई लोग दुआ होने से पहले ही नमाज पढ़ कर मस्जिद से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे. अगर मुख्य नमाज के दौरान यह हादसा होता तो जान माल के बड़े नुकसान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था. बहरहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने भी यह माना है कि मस्जिद कमेटी के लोगों ने सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया. फिलहाल इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है. मस्जिद में अब दोबारा भारी भीड़ बढ़ने से बड़ा हादसा ना हो, इसके भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं.    

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *