देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दोपहर के वक्त कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक युवक और उसके दोस्त के साथ मारपीट की. आरोपी काले रंग की थार गाड़ी में सवार होकर आए और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए. पीड़ित ने अगले दिन राजपुर थाने में लिखित तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुराना राजपुर निवासी हर्षित सिंह रावत पुत्र श्री भोला सिंह रावत ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह अपने दोस्त दीलीप यादव के साथ जोड़ी गांव से अपने घर की तरफ लौट रहे थे. तभी काले रंग की एक थार गाड़ी, जिसका नंबर UK-07HK-8254 था, वहां आकर रुकी.
गाड़ी में सवार कुछ लड़कों ने पहले हर्षित और उसके दोस्त के साथ गाली-गलौज शुरू की और फिर बिना किसी वजह मारपीट पर उतर आए. बदमाशों ने न सिर्फ दोनों की जमकर पिटाई की, बल्कि उनके कपड़े भी फाड़ दिए. हर्षित का मोबाइल फोन और उसकी स्कूटी भी तोड़ दी गई. मारपीट में हर्षित के सिर, हाथ, पैर और कान पर चोटें आई हैं. पिटाई के बाद बदमाशों ने जान से मारने की धमकी भी दी. इसके बाद वे अपनी थार को गोल्डन मिनार के सामने छोड़कर वहां से फरार हो गए.
अगले दिन दर्ज हुई रिपोर्ट
यह घटना 4 मार्च को हुई लेकिन हर्षित ने 5 मार्च 2026 को शाम करीब पौने सात बजे राजपुर थाने में लिखित तहरीर दी. थाना प्रभारी को दी गई तहरीर के आधार पर थाने ने एफआईआर संख्या 0042 दर्ज की. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 115(2), 324(4), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. ये धाराएं स्वेच्छया चोट पहुंचाने, आपराधिक बल प्रयोग, धमकी देने और हमले से संबंधित हैं.
जांच अधिकारी नियुक्त
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप रावत के निर्देश पर मामले की जांच अपर उप-निरीक्षक दर्शन कुमार को सौंपी गई है. फिलहाल आरोपी अज्ञात हैं, लेकिन गाड़ी का नंबर दर्ज होने से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है. पुलिस थार गाड़ी के रजिस्ट्रेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.