Skip to content

Giridih News: डीजे विवाद में खूनी संघर्ष, बीच-बचाव करने युवक की हत्या, तीन घायल

झारखंड के गिरिडीह शहर के नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार रविदास टोला में देर रात डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर चाकूबाजी और उस्तुराबाजी हुई जिसमें एक युवक की हत्या हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

झगड़ा सुलझाने गए अजय पर हो गया जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार हुट्टी बाजार मोहल्ले में डीजे बज रहा था. इसी दौरान मोहल्ले के कुछ बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. बच्चों के झगड़े को शांत करने के लिए 30 वर्षीय अजय कुमार दास समेत अन्य लोग बीच-बचाव करने पहुंचे. इसी बीच हुट्टी बाजार निवासी रवि दास अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और देखते ही देखते अजय सहित वहां मौजूद लोगों पर उस्तुरे और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

युवक की हत्या, तीन लोग घायल

मृतक की पहचान हुट्टी बाजार निवासी 30 वर्षीय अजय कुमार दास के रूप में हुई है. घायलों में राजेश दास, परदूम दास और प्रेम दास शामिल हैं जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर स्थानीय लोग जुट गए और दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने में लग गए. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

 DSP और थाना प्रभारी अस्पताल पहुंचे

सूचना मिलते ही DSP नीरज कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *