Skip to content

‘उनकी कमी खलेगी’, सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के बीच JDU नेता राजीव रंजन का बड़ा बयान

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर राज्यसभा जाने पर चल रही अटकलों पर उन्होंने खुद ही विराम लगा दिया. इसी बीच उन्होंने गुरुवार (5 मार्च) को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है, जिसको लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है. इस बीच जनता दल (यूनाइटेड) के नेता राजीव रंजन ने अपनी प्रतिक्रिया दी.

जदयू नेता राजीव रंजन ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से निसंदेह बिहार में मुख्यमंत्री के तौर पर उनकी कमी खलेगी. बिहार के करिश्माई मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक विजनरी नेता हैं. 

नीतीश कुमार को लेकर क्या बोले राजीव रंजन?

बिहार में पिछले दो दशकों को कायाकल्प के शानदार कालखंड के रूप में याद किया जाएगा. चाहे आधारभूत संरचना का क्षेत्र हो या कोई अन्य क्षेत्र जिससे आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाया जा सके, उसके लिए नीतीश कुमार ने बड़े फैसले लिए. इन फैसलों से संभव हो पाया कि बिहार आज विकसित राज्य बनने की कतार में खड़ा है.

राजीव रंजन ने कहा कि उन्हें हमेशा आधुनिक बिहार के विश्वकर्मा के रूप में याद किया जाएगा. निसंदेह उनकी नई पारी भी बहुत ही यशस्वी होगी. उन्होंने बताया भी है कि संसद के एक सदन में उन्होंने अपनी भूमिका निभाई है, वहीं बिहार के दोनों सदनों में भी उन्होंने अपना यादगार कार्यकाल पूरा किया है.

‘राज्यसभा भी नीतीश कुमार का साक्षी बनेगा’

जेडीयू नेता राजीव रंजन सिंह ने आगे कहा कि अब राज्यसभा भी नीतीश कुमार का साक्षी बनेगा. बिहार को लेकर जो उनका संकल्प है, उसे उन्होंने एक बार फिर दोहराया है. बिहार के विकास और उन्नति को लेकर उनका मार्गदर्शन आगे भी मिलता रहेगा.

राजीव रंजन ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना

उन्होंने बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के नीतीश कुमार को हाईजैक करने वाले बयान पर निशाना साधा और कहा, “नीतीश कुमार को कोई हाईजैक नहीं कर सकता. उनका सार्वजनिक जीवन 50 वर्षों का है. हर बार जब भी उनपर सवाल खड़े हुए, तब उन्होंने अपने फैसलों से मुंहतोड़ जवाब देने का काम किया है.”

उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार ने फैसला लिया है, और अपने फैसलों पर वे कायम रहते हैं. बाकी कौन क्या कहता है, यही उनकी परेशानी है. तेजस्वी के निरर्थक बयानों की वजह से विधानसभा चुनाव में राजद की दुर्गति हुई है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *