उत्तर प्रदेश के जनपद महोबा के फतेहपुर बजरिया इलाके में दबंगों का कहर देखने को मिला, आरोपियों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई की. बताया गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला महासचिव ताहिर पर भी हमलावरों ने हमला करने की कोशिश की. गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, कानून-व्यवस्था और पुलिस को चुनौती देने वाली यह वारदात महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर बजरिया इलाके से सामने आई है. यहां आधा दर्जन से अधिक अपराधियों ने 24 वर्षीय युवक शोएब पर जानलेवा हमला किया. आरोपियों के हमले में युवक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं.
पिटाई में युवक के सिर और शरीर में आईं गंभीर चोटें
बताया जा रहा है कि दबंग शराब के नशे में धुत थे और उन्होंने युवक को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं. अपनी जान बचाने के लिए लहूलुहान हालत में शोएब शोर मचाते हुए पास ही स्थित समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव ताहिरउद्दीन के दरवाजे पर जा गिरा.
सपा नेता पर हमले पर की कोशिश
मानवता के नाते जब सपा महासचिव ताहिरउद्दीन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो बेखौफ दबंगों ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया. अपनी जान बचाने के लिए सपा नेता को मौके से भागना पड़ा. घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव और सपा नेता हरि सिंह वर्मा सहित कई पदाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित का हाल जाना. इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं अस्पताल के डॉक्टर यतेंद्र पुरवार के मुताबिक, युवक के सिर पर गहरे घाव हैं और उसकी हालत को देखते हुए इमरजेंसी वार्ड में इलाज किया जा रहा है. सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने घायल शोएब के बयान दर्ज किए हैं और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.