Skip to content

Pakur News: होली के दिन खून की होली! युवक की धारदार हथिया से हत्या, पिता लगाते रहे मदद की गुहार

झारखंड के पाकुड़ जिले में होली का त्योहार एक परिवार के लिए अकल्पनीय दुख लेकर आया. नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा गांव में बुधवार शाम 40 वर्षीय देवराज सरकार की उनके घर के पास धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. दोस्तों के साथ होली खेलकर घर लौटे देवराज पर 8 से 10 युवकों के एक समूह ने घेरकर हमला कर दिया.

 पिता के सामने हुआ बेटे पर जानलेवा हमला

पुलिस के अनुसार शाम करीब चार बजे देवराज अपने घर के पास खड़े थे तभी युवकों का एक समूह वहां पहुंचा और उन्हें घेर लिया. पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई जो जल्द ही मारपीट में बदल गई. हमलावरों ने देवराज पर धारदार हथियार से कई वार किए जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक के पिता मेघनाथ सरकार ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि यह हमला उनकी आंखों के सामने हुआ. उन्होंने हमलावरों से बेटे को छोड़ देने की गुहार लगाई लेकिन किसी ने नहीं सुनी. उन्होंने आसपास के लोगों से भी मदद मांगी लेकिन भय के कारण कोई हस्तक्षेप नहीं कर सका.

 अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही तोड़ा दम

गंभीर रूप से घायल देवराज को परिजन तत्काल सदर अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. बाद में पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया.

 हमलावरों की पहचान हुई, छापेमारी जारी

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हमलावरों की पहचान हो गई है और थाना प्रभारी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मृतक के परिजनों ने बताया कि देवराज का किसी के साथ कोई गंभीर विवाद नहीं था. घटना के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *