Skip to content

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के दौरे पर रहेंगे CM योगी, घर से निकलने से पहले देख लें ये ट्रैफिक एडवाइजरी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज ग्रेटर नोएडा वेस्ट दौरे पर रहेंगे. सीएम यहां सेक्टर-10 में एक निजी अस्पताल (KDSG अस्पताल) का उद्घाटन करेंगे. मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है. सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आम जनता की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक विस्तृत ‘ट्रैफिक एडवाइजरी’ जारी की है. 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर बाद करीब 4 बजे ग्रेनो वेस्ट पहुंचेंगे. वह सीधे हेलीकॉप्टर के जरिए कार्यक्रम स्थल के पास बने विशेष हेलीपैड पर उतरेंगे. जानकारी के अनुसार, सीएम यहां लगभग 40 से 60 मिनट तक रुकेंगे और अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं. मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है. 

प्रमुख चौराहों पर डायवर्जन रहेगा लागू

वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सेक्टर-10 और 130 मीटर रोड से जुड़े प्रमुख चौराहों पर डायवर्जन लागू रहेगा. आवश्यकतानुसार इन मार्गों पर कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन रोका जा सकता है. तिलपता गोलचक्कर, किसान चौक (चार मूर्ति), एकमूर्ति गोलचक्कर, इटहेड़ा, पर्थला गोलचक्कर के अलावा सेक्टर-71, 60 और 62 की ओर से आने वाले ट्रैफिक पर भी विशेष नजर रहेगी. बादलपुर पुलिस चौकी के आसपास के मार्ग भी प्रभावित हो सकते हैं. आपातकालीन सेवाएं जैसे एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को इस डायवर्जन से छूट रहेगी. उन्हें प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा.

पार्किंग के पुख्ता इंतजाम

प्रशासन ने कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए हैं.  विशिष्ट अतिथि और  मीडिया सेक्टर-10 KDSG अस्पताल के सामने खाली मैदान में पुलिस और सरकारी वाहन के लिए वैदपुरा स्थित ओक्टोव स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. अन्य लोग रिनॉक्स ग्रुप की निर्माणाधीन सोसाइटी के सामने और कोको काउंटी/सिक्का सोसाइटी के पास के खाली प्लॉट पर वाहन पार्क कर सकेगे. 

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील

ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि लोग अनावश्यक रूप से इन मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करें. यदि आप जाम में फंसते हैं या कोई समस्या होती है, तो तुरंत यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *