होली के रंगों और उमंगों में आज पूरा उत्तराखंड सराबोर नजर आया. पहाड़ से लेकर मैदान तक हर गली, हर मोहल्ला और हर गांव में उल्लास का माहौल देखने को मिला. सुबह होते ही होल्यारों की टोलियां ढोल-दमाऊं की थाप के साथ घर-घर पहुंचीं और लोगों ने अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को गले मिलते हुए शुभकामनाएं दीं.
हवा में घुला गुलाल और घरों से आती ताजी गुजिया, मालपुए और अन्य पकवानों की खुशबू ने त्योहार की रौनक को और बढ़ा दिया. कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र में पारंपरिक बैठकी और खड़ी होली के गीतों की मधुर धुन दिनभर गूंजती रही. बड़े-बुजुर्ग जहां चौपालों में बैठकर पारंपरिक होली का आनंद लेते दिखे वहीं युवा डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए. महिलाओं ने भी समूह बनाकर होली गीत गाए और एक-दूसरे को रंग लगाकर खुशियां बांटीं.
नन्हे होल्यारों ने पिचकारी से भिगोया, बच्चों में दिखा खास जोश
बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला. रंग-बिरंगी टी-शर्ट पहने और हाथों में पिचकारी लिए नन्हें बच्चे सुबह से ही सड़कों पर रंगों की बौछार करते दिखाई दिए. गांव हो या शहर हर तरफ हंसी-ठिठोली और अपनत्व का रंग बिखरा रहा. होली के इस पर्व ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उत्तराखंड की संस्कृति में परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम है.
राजनीतिक हलकों में भी होली की धूम
राजनीतिक हलकों में भी होली की धूम रही. मुख्यमंत्री समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों को होली की बधाई देते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की.
विश्व में तनाव के बीच भारत में शांति और सद्भाव-भट्ट
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विश्व के कई हिस्सों में तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच भारत में शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाया जाना गर्व की बात है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देश विकास और कल्याण की भावना से आगे बढ़ रहा है जिससे समाज में एकता और सद्भाव मजबूत हो रहा है. रंगों का यह उत्सव केवल खुशी मनाने का नहीं बल्कि सामाजिक एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करने का संदेश भी देता है.