Skip to content

होली के दिन सैफई से अखिलेश यादव का सियासी संदेश, कहा- हम सब लोग बहुरंगी रहें, मन से भी…

उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में होली की धूम है. इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इटावा स्थित अपने पैतृक गांव सैफई में परिजनों और समर्थकों के साथ त्योहार मनाया.

इस दौरान सपा चीफ ने कहा कि महात्मा गांधी ने हमे सत्य और अहिंसा का रास्ता दिखाया. इस रास्ते को न जाने कितने देशों को अपनाया. न केवल अपनाया बल्कि इससे कई देश आजाद हो गए. हमारा वो देश है जहां जिसने पूरी दुनिया में शांति का पैगाम दिया. इसी देश से जियो और जीने दो का नारा दिया. इसको न केवल अपनाया बल्कि इसको धर्म मानकर एक नई दिशा में समाज को ले गए.

कन्नौज सांसद ने कहा कि जितना खूबसूरत हमारा समाज है, जितनी बेहतरीन हमारी हिन्दुस्तानियत है, हमें अपना भाईचारा बनाकर रखता है. हर त्योहार हमें एक रास्ता दिखाता है. हर त्योहार अन्याय के खिलाफ जीत का संदेश देता है. जब पापी नष्ट होते हैं तब त्योहार मनाया जाता है.

मन से भी बहुरंगी रहें- अखिलेश

हमने और आपने धरती पर कहीं नहीं देखा होगा जैसा रंगों का त्योहार भारत में मनाया जाता है. ये भारत का त्योहार हमें एक करता है और ये त्योहार हमें यही संदेश देता है हम सब लोग बहुरंगी रहें. मन से भी बहुरंगी रहें. 

सैफई में अखिलेश ने कहा कि कहीं न कहीं जमीन की लड़ाई सेपहले एक तकनीक के बहाने लड़ाई लड़ी जा रही है. एक देश के राष्ट्रपति जो अपनी मीटिंग में बैठे थे, एक बम आया और सबको खत्म कर के चला गया. अभी भी युद्ध चल रहा है. युद्ध की जानकारी हमारे पास आ रही है. इससे हमारे लोग भी प्रभावित हो रहे हैं. हम आज कहना चाहते हैं कि समाजवादी पार्टी और समाजवादी विचारधारा कभी भी युद्ध के पक्ष में नहीं रही है. कहीं भी युद्ध हो, हम उसके खिलाफ हैं, युद्ध नहीं होना चाहिए.

इसके साथ ही एक सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश ने तस्वीरें साझा करते हुए लिखा- मन से बहुरंग रहें!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *