Skip to content

Parbhani News: खत्म हो जाएगा पेट्रोल! ईरान युद्ध की आशंका से परभणी में पंपों पर भीड़, फुल करवाए टैंक

ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के हमले के बाद पेट्रोल और डीजल महंगा होने या खत्म होने की आशंका के कारण महाराष्ट्र के परभणी जिले में वाहन मालिकों में डर फैल गया है. इसी डर के कारण 3 मार्च को बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर ईंधन भरवाने लगे. शहर के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद वैश्विक स्तर पर तनाव की स्थिति बनी हुई है. कई समुद्री अंतरराष्ट्रीय रास्तों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. इसका असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है. इसी आशंका के चलते परभणी के नागरिक पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर चिंतित हो गए हैं।

स्थानीय स्तर पर यह खबर तेजी से फैली कि आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है. कुछ लोगों को यह भी डर है कि सप्लाई प्रभावित होने पर ईंधन की किल्लत हो सकती है. इसी कारण वाहन मालिक एहतियातन टैंक फुल करवा रहे हैं.

पेट्रोल पंपों पर भीड़

परभणी शहर के हर प्रमुख पेट्रोल पंप पर सुबह से ही भीड़ का नजारा देखने को मिल रहा है. दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें सड़कों तक पहुंच रही हैं. कई जगहों पर ट्रैफिक की स्थिति भी प्रभावित हुई है.

स्थिति को संभालने के लिए पंप कर्मचारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है. हालांकि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य बताई जा रही है. इसके बावजूद आशंका और अफवाहों के कारण लोग लगातार ईंधन भरवा रहे हैं.

संभावित संकट से पहले बेचैन हुए लोग

विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं का असर तेल बाजार पर पड़ सकता है, लेकिन तत्काल किसी किल्लत की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. इसके बावजूद परभणी में डर का माहौल बना हुआ है और लोग संभावित संकट से पहले ही तैयारी में जुटे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *