Skip to content

Delhi News: त्योहारों से पहले जहरीला खेल बेनकाब, लाखों रुपये का एक्सपायर्ड सामान जब्त

त्योहारों के मौसम में जहां लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं, वहीं दिल्ली से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक्सपायरी और छेड़छाड़ किए गए खाने-पीने और कॉस्मेटिक सामान के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने भारी मात्रा में एक्सपायर्ड और दोबारा पैक किए गए उत्पाद जब्त किए हैं. अगर ये सामान बाजार तक पहुंच जाता, तो हजारों लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता था.

दो आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी 38 वर्षीय अकरम अंसारी को गिरफ्तार किया है. इससे पहले ओमप्रकाश शर्मा नाम के आरोपी को पकड़ा गया था. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली-यूपी बॉर्डर स्थित शहीद नगर के रस्तोगी कंपाउंड में छापा मारा. वहां एक गोदाम से बड़ी संख्या में एक्सपायर्ड और नकली तरीके से दोबारा पैक किए गए सामान बरामद हुए.

जांच में पता चला कि अकरम पिछले करीब 15 साल से कबाड़ी का काम करता था. वह अलग-अलग जगहों से एक्सपायरी हो चुका सामान सस्ते दामों पर खरीदता और ओमप्रकाश को सप्लाई करता था. इसके बाद पुराने लेबल हटाकर नई एक्सपायरी डेट लगाई जाती थी और सामान को असली बताकर बाजार में बेच दिया जाता था. यह खेल करीब दो साल से चल रहा था.

छापेमारी में बरामद हुए कई नामी ब्रांड के प्रोडक्ट

पुलिस की छापेमारी में बेबी केयर प्रोडक्ट्स, हेयर कंडीशनर, शैंपू, सनस्क्रीन, एनर्जी ड्रिंक पाउडर, हेल्थ सप्लीमेंट, एंटीसेप्टिक लिक्विड, बॉडी लोशन, हर्बल उत्पाद और सैनिटरी पैड जैसी कई चीजें मिलीं.

इनमें कई नामी कंपनियों के उत्पाद शामिल थे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर यह खेप बाजार में पहुंच जाती तो लोगों को त्वचा रोग, एलर्जी और फूड पॉयजनिंग जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती थीं.

कई धाराओं में केस दर्ज, जांच जारी

क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और ट्रेड मार्क्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और पूरी सप्लाई चेन की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *