बिहार के मोतिहारी जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. होली से ठीक पहले यहां एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को गम में डुबो दिया. नदी में नहाने गए 6 बच्चों की डूबने से मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
यह घटना केसरिया प्रखंड के राघवा पंचायत की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, गांव के कुछ बच्चे पास की राघवा नदी में नहाने के लिए गए थे. शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक 6 बच्चे गहरे पानी में चले गए. उन्हें तैरना नहीं आता था और देखते ही देखते वे डूबने लगे.
बचाव की कोशिश, लेकिन नहीं बच सकी जान
बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया. ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया. काफी मशक्कत के बाद बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने सभी 6 बच्चों को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों में 3 सगी बहने शामिल
इस हादसे में धर्मेंद्र सहनी की 12 साल की बेटी दीक्षा कुमारी, 6 साल की प्रिया कुमारी और 9 साल की सोनाक्षी कुमारी की जान चली गई. ये तीनों आपस में सगी बहनें थीं. इसके अलावा 12 साल की सोनाली कुमारी, 11 साल के प्रिंस कुमार और 8 साल की छोटी कुमारी भी इस हादसे का शिकार हो गए.
गांव में मातम, परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद पूरे मोतिहारी के राघवा पंचायत में शोक की लहर है. जिन घरों में होली की तैयारी हो रही थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में हर तरफ चीख-पुकार सुनाई दे रही है.
स्थानीय प्रशासन को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पूरा गांव सदमे में है और लोग इस हादसे को लेकर बेहद दुखी हैं.