उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर में होलिका दहन महोत्सव के दौरान स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई, जब एक मुस्लिम धर्म के युवक पर कथित तौर पर समय से पहले होलिका दहन करने का आरोप लगा दिया गया. वहीं खुशियों के इस पर्व पर हंगामे की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया, मौके पर क्षेत्रीय पुलिस बल के साथ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आरोपी कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया.
दरअसल, यह मामला रामपुर जिले के थाना भोट क्षेत्र के गांव बाजिदपुर से सामने आया है. आरोप है कि मुस्लिम धर्म के युवक ने होलिका में आग लगा दी, जिसके बाद ग्रामीणों हंगामा कर दिया. हंगामे की सूचना पर क्षेत्रीय पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, हालांकि इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोक भी हुई.
एएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया मामला
इसके बाद स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल उक्त मामले की जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनुराग सिंह को दी. अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह भारी फोर्स के साथ गांव पहुंचे. अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि युवक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. साथ ही जो होलिका है उसको दोबारा रखवाया जाएगा. एएसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में होलिका दहन कराया जाएगा, तब जाकर मामला शांत हुआ.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
वहीं इस घटना के बाबत अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया है कि थाना भोट क्षेत्र के गांव बाजिदपुर में होलिका दहन विवाद प्रकाश में आया है. आरोपी द्वारा होलिका दहन से पूर्व होलिका जलाने पर विवाद हो गया. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, साथ ही नई होलिका रखवा दी गई है और गांव में शांति व्यवस्था कायम है.