Skip to content

इजरायल-ईरान जंग के बीच CBSE ने मिडिल ईस्ट में टाली 10वीं-12वीं की परीक्षा, जानें ताजा अपडेट

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं. जहां दोनों देश मिलकर ईरान पर हमला कर रहे हैं तो वहीं, ईरान भी उनका जवाब दे रहा है. ईरान की ओर से गल्फ देशों में अमेरिकी बेस पर हमला किया जा रहा है. जिससे पूरा मिडल ईस्ट बेहद ही तनावपूर्ण हालत से गुजर रहा है. ऐसे में वहां सीबीएसई स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. बोर्ड की ओर से 5 और 6 मार्च 2026 को होने वाली क्लास 10 और क्लास 12 की परीक्षा कुछ मध्य पूर्व देशों में फिलहाल टाल दी हैं.

सीबीएसई बोर्ड ने साफ कहा है कि छात्रों और परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सबसे पहले है. नए परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी. CBSE ने अपने बयान में कहा कि यह फैसला मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों की मौजूदा स्थिति की गंभीर समीक्षा के बाद लिया गया है. बोर्ड ने यह भी कहा कि छात्रों की सुरक्षा सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. इसलिए किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा. परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने स्कूलों से लगातार संपर्क में रहें और केवल CBSE की आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें.

फिलहाल नई तारीखों की घोषणा नहीं 

बोर्ड की तरफ से 5 और 6 मार्च की परीक्षाएं अभी के लिए टाल दी गई हैं. नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी. 7 मार्च से होने वाली परीक्षाओं को लेकर 5 मार्च को फिर से स्थिति की समीक्षा की जाएगी. अगर हालात सामान्य होते हैं तो आगे की परीक्षाएं तय समय पर हो सकती हैं. लेकिन यदि स्थिति गंभीर रहती है तो बोर्ड आगे भी जरूरी कदम उठा सकता है.

यह भी पढ़ें: रेलवे में 22 हजार नौकरियों का सुनहरा मौका! आरआरबी ग्रुप डी के लिए बढ़ी आखिरी तारीख

किन देशों में टली परीक्षा?

  • बहरीन
  • ईरान
  • कुवैत
  • ओमान
  • कतर
  • सऊदी अरब
  • संयुक्त अरब अमीरात (यूएई)

दूतावास को भी दी गई जानकारी

इस फैसले की जानकारी संबंधित देशों में भारतीय राजदूतों और दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूत को भी भेज दी गई है. इसका मकसद यह है कि सभी जगह सही और एक जैसी जानकारी पहुंचे और छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो. आगे भारतीय दूतावास और स्कूल मिलकर छात्रों और उनके परिवारों तक नई तारीखों की सूचना पहुंचाएंगे.

क्यों लिया गया यह फैसला?

मध्य पूर्व के कई देशों में इस समय हालात काफी तनावपूर्ण हैं. बीते सप्ताह में अमेरिका और इजरायल ने ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए. इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता Ayatollah Ali Khamenei की मौत की खबर सामने आई. इसके बाद ईरान की ओर से भी जवाबी हमले किए गए. इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में डर और अस्थिरता का माहौल बन गया है. ऐसे हालात में स्कूलों और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना कई जगहों पर मुश्किल हो सकता है. इसी को देखते हुए CBSE ने सावधानी के तौर पर परीक्षाएं टालने का फैसला किया.

यह भी पढ़ें: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप या इजरायली प्रेसिडेंट नेतन्याहू कौन ज्यादा पढ़-लिखा? जानकर नहीं होगा यकीन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *