होली के पावन पर्व के अवसर पर पानीपत के पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है. एसपी भूपेंद्र सिंह ने अपने संदेश में कहा कि ‘पानीपत की जनता को पानीपत पुलिस की ओर से होली की हार्दिक शुभकामनाएं. हमें आशा है कि सभी नागरिक इस त्योहार को शांति, भाईचारे और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए मनाएंगे.’
होली के दौरान हुड़दंग या अशांति फैलाने की अनुमति नहीं
उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार का हुड़दंग, अशांति या कानून व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. पुलिस प्रशासन द्वारा विस्तृत लिखित कार्यक्रम पहले ही जारी किया जा चुका है. त्योहार के दोनों दिन पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और जिले के विभिन्न स्थानों पर विशेष नाके लगाए जाएंगे.
एसपी ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि ‘पुलिस आपके सहयोग के लिए बनी हुई है. सभी पानीपत वासियों से निवेदन है कि वे प्रशासन का साथ दें और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं.’
बुलेट पटाखों और ध्वनि प्रदूषण पर रहेगी विशेष नजर
होली के अवसर पर ध्वनि प्रदूषण और यातायात सुरक्षा को लेकर भी पुलिस सतर्क रहेगी. एसपी ने चेतावनी दी कि बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर शोर करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की हरकतें न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाती हैं, बल्कि अन्य वाहन चालकों का ध्यान भटकाकर दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकती हैं. ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित, संयमित और जिम्मेदारी पूर्ण तरीके से होली मनाकर जिले में सौहार्द का संदेश दें.