Skip to content

Delhi News: मुफ्त सिलेंडर से लेकर ‘लखपति बिटिया’ तक, दिल्ली सरकार पर कांग्रेस का तीखा हमला

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बीजेपी सरकार की घोषणाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर देने के वादे को पूरा करने में सरकार को एक साल लग गया, वह भी अधूरी तैयारी के साथ.

यादव ने आरोप लगाया कि सरकार केवल उन्हीं परिवारों को मुफ्त सिलेंडर देगी जिनके पास वैध राशन कार्ड हैं. सरकार 15.50 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को लाभ देने की बात कर रही है जबकि दिल्ली में 17 लाख से अधिक राशन कार्ड धारक परिवार हैं और लाखों परिवारों का सत्यापन अभी भी लंबित है. उन्होंने मांग की कि पहले 500 रुपये में सब्सिडी वाला सिलेंडर देने का वादा पूरा किया जाए.

‘करोड़ों खर्च कर आयोजन, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने होली-दिवाली मुफ्त सिलेंडर, लखपति बिटिया योजना और पिंक कार्ड जैसी घोषणाओं के लिए तालकटोरा स्टेडियम में करोड़ों रुपये खर्च कर कार्यक्रम आयोजित किया. उन्होंने इसे प्रचार और छवि चमकाने की राजनीति करार दिया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिलाओं को 2500 रुपये मासिक देने का वादा पूरी तरह भुला दिया गया है.

 लखपति बिटिया योजना पर उठाए सवाल

देवेंद्र यादव ने कहा कि पुरानी लाडली योजना का नाम बदलकर लखपति बिटिया योजना कर दिया गया है. 21 वर्ष की आयु पर एक लाख रुपये देने की बात हो रही है लेकिन दिल्ली विश्वविद्यालय में बीटेक या बीबीए जैसे कोर्स की एक वर्ष की फीस ही 50 हजार रुपये से अधिक है. उन्होंने सवाल किया कि क्या एक लाख रुपये में उच्च शिक्षा संभव है. योजना की आय सीमा 1.20 लाख रुपये सालाना रखी गई है जबकि अकुशल श्रमिक का न्यूनतम वेतन ही 18,456 रुपये प्रतिमाह यानी सालाना 2.21 लाख रुपये से अधिक है. ऐसे में यह शर्त व्यवहारिक नहीं है.

 पिंक कार्ड पर चार महीने बाद भी अनिश्चितता, बसें भी घटीं

महिलाओं की DTC बसों में मुफ्त यात्रा के लिए पिंक कार्ड की घोषणा को चार महीने हो चुके हैं लेकिन अभी तक कार्ड जारी नहीं हुए. सरकार पहले सामान्य यात्रियों के लिए ब्लू और ऑरेंज स्मार्ट कार्ड की बात कर रही है जिससे पिंक कार्ड की नीयत पर सवाल उठ रहे हैं. यादव ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष में बसों की संख्या बढ़ने के बजाय घटी है जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *