Skip to content

सियासत में आते ही सीधे राज्यसभा जाएंगे निशांत? JDU ने कर दिया साफ, ‘नीतीश कुमार…’

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की सियासत में एंट्री तय है. जेडीयू की ओर से श्रवण कुमार ने यह साफ कर दिया है. इस बीच अब चर्चा होने लगी है कि क्या वे पार्टी में एंट्री लेते ही राज्यसभा जाएंगे? इस पर जेडीयू के बड़े नेता और मंत्री विजय कुमार चौधरी ने प्रतिक्रिया दी है. 

मंगलवार (03 मार्च, 2026) को विजय चौधरी ने इसको लेकर कहा, “राज्यसभा में एक चीज तो पक्की है कि सभी पांच सीटें एनडीए के खाते में आएंगी. उसमें से अभी तक जो संख्या गणित है उसके हिसाब से कम से कम दो सीटें जेडीयू के खाते में भी आनी चाहिए. उन दो सीटों पर जेडीयू की ओर से कौन जाएगा वो नीतीश कुमार तय करेंगे जो पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं, लेकिन निशांत की राजनीति में आने की बात पूरी पार्टी में चल रही है. पार्टी के सभी कार्यकर्ता चाहते हैं कि निशांत राजनीति में आएं. जिस दिन भी आते हैं पूरी पार्टी उनका स्वागत करेगी.”

नीरज कुमार ने क्या कहा?

दूसरी ओर पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी इस पर बहुत कुछ कहा है. नीरज कुमार ने कहा, “नीतीश कुमार जी के सुपुत्र सादगी, संस्कारी और सार्वजनिक जीवन के लिए फिट हैं. ऐसे लोगों को राजनीति में आना चाहिए. ये पार्टी के कार्यकर्ताओं की अपेक्षा है. साथ ही मंत्री (श्रवण कुमार) ने इस बात को सार्वजनिक किया है कि उनको सक्रिय राजनीति में आना है. श्रवण कुमार, विजय चौधरी, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा जी ने पहले कहा है, ललन सिंह ने भी पहले ही कहा है, तो हमारी तो उम्मीद है.”

यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव: उपेंद्र कुशवाहा के लिए फिक्स हो गई एक सीट! BJP के शीर्ष नेतृत्व से क्या बात हुई?

इस सवाल पर कि कहा जा रहा है कि निशांत को राज्यसभा भी भेजा जा सकता है. इस पर नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने बेटे को संस्कार दिया है. ये तो पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि कौन राज्यसभा जाएगा, लेकिन कोई निशांत कुमार पर सवाल खड़ा कर सकता है क्या? कोई मुकदमा है? कोई आर्थिक भ्रष्टाचार का आरोप है? कहीं मुख्यमंत्री के बेटे होने का अहंकार है? ऐसे लोगों को तो आना ही चाहिए.

‘तेजस्वी यादव से निशांत की कोई तुलना नहीं’

पूछा गया कि तेजस्वी यादव की भी चर्चा है कि वो राज्यसभा जा सकते हैं. इस पर जेडीयू प्रवक्ता ने कहा कि तेजस्वी यादव और निशांत में तुलना करिएगा तो तेजस्वी यादव पर चार राज्यों (बिहार, यूपी, दिल्ली और महाराष्ट्र) में मुकदमा दर्ज है. उनकी न्यायालय में पेशी भी होती है. पढ़ाई-लिखाई में निशांत बहुत आगे हैं. संस्कार में बहुत आगे हैं. दोनों की तुलना नहीं हो सकती है. 

यह भी पढ़ें- बिहार में होली के बाद JDU में बड़े बदलाव की आहट! नीतीश कुमार के बेटे निशांत के लिए बन गया प्लान?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *