Skip to content

Gopalganj Bridge Collapsed: गोपालगंज में पुल गिरने के मामले में बड़ी कार्रवाई, 3 इंजीनियर किए गए निलंबित

बिहार के गोपालगंज के सिधवलिया प्रखंड अंतर्गत घोघारी नदी के ऊपर निर्माणाधीन आरसीसी पुल की ढलाई के दौरान एक स्पैन के क्षतिग्रस्त होने के मामले में ग्रामीण कार्य विभाग के तीन अभियंताओं पर गाज गिरी है. विभाग ने तीन अभियंताओं को निलंबित कर दिया है. 

विभाग ने गोपालगंज कार्य प्रमंडल-2 के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता को कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया है. इस पुल के निर्माण कार्य में लगे संवेदक बापूधाम कंस्ट्रक्शन, मोतिहारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद बीते सोमवार (02 मार्च, 2026) को खुद मौके पर डीएम भी पहुंचे थे.

ढलाई के दौरान ही गिर गया था एक हिस्सा

बता दें कि घोघारी नदी पर बन रहे इस आरसीसी पुल का एल-041 से लेकर एल-039 का एक हिस्सा ढलाई के दौरान ही गिर गया था. हालांकि इस दुर्घटना में किसी भी तरह की जानमाल की हानि की सूचना नहीं है. ग्रामीण कार्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, विभाग की ओर से मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, नोडल पदाधिकारी के साथ विभाग के वरीय पुल सलाहकार को पुल की ढलाई के दौरान क्षतिग्रस्त होने की घटना की जांच के लिए घटनास्थल पर भेजा गया.

विभाग के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सभी कार्यपालक अभियंताओं को पुल के निर्माण के पूर्व वरीय पुल सलाहकार से डीपीआर जांच करवाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन संबंधित अभियंता एवं संवेदक द्वारा विभाग के इस निर्देश का पालन नहीं किया गया और पुल की ढलाई के दौरान ही यह हादसा हो गया.

पिछले साल शुरू हुआ था पुल का निर्माण

उल्लेखनीय है कि गोपालगंज के सिधवलिया प्रखंड के बखरौल कुर्मी टोला में घोघारी नदी पर निर्माणाधीन आरसीसी पुल का निर्माण कार्य पिछले वर्ष सात मार्च को शुरू किया गया था और इस पुल का निर्माण आगामी छह मार्च तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है. विभाग द्वारा 28 फरवरी की समीक्षा बैठक में भी सभी कार्य प्रमंडलों को अपने पुल कार्यों के डीपीआर की समीक्षा पुल सलाहकार से कराने का निर्देश दोहराया गया है.

यह भी पढ़ें- Gopalganj Bridge Collapsed: बिहार के गोपालगंज में निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरा, भागे-भागे सिधवलिया पहुंचे DM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *