उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अक्सर गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद रवि किशन पर चुटकी लेने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं. ऐसा ही कुछ सोमवार को देखने को मिला. जब सीएम योगी गोरखपुर में होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान वो बेहद लाइट मोड में नज़र आए और उन्होंने कहा रवि किशन को लेकर ऐसा बयान दिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
सीएम योगी आदित्यनाथ अपने तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे हुए हैं. सोमवार को मुख्यमंत्री यहां कई सालों से निकाली जाने वाली भक्त प्रह्लाद की शोभायात्रा में हिस्सा लिया और लोगों के साथ जमकर फूलों की होली खेली और लोगों को भी सम्मानपूर्वक होली उत्सव मनाने का आह्वान किया.
सांसद रवि किशन पर ली चुटकी
सीएम योगी ने इस दौरान लोगों को संबोधित करते बीजेपी सांसद रवि किशन पर चुटकी ली. उन्होंने बीजेपी सांसद और कालीबाड़ी के महंत रवीन्द्र दास के बीच खींचतान पर कहा कि होली का त्योहार दो लोगों को मिलाने का त्योहार है. अगर आपके मन में कोई कड़वाहट है तो उसे भूलकर मित्र बन जाइए, देखिए सांसद रवि किशन और रवींद्र दास जी महाराज के बीच 36 का आंकड़ा था लेकिन आज वो साथ एक मंच पर बैठे हैं.
गोरखपुर को पांडेयहाता में सकरी गली के चौड़ीकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “किसी को उजाड़ना नहीं है.. उनके व्यापार को आगे बढ़ाना है, रवि किशन तो कहीं भी नाच-गाकर पैसा कमा सकता है लेकिन, कालीबाड़ी के बाबा कहां से कमाएंगे? जब आपकी समृद्धि होगी तब बाबा के पास भी कुछ आएगा और इसलिए इस गलियारे को विशेष रूप से गोरखपुर का पुराना गोरखपुर है. पहले यहीं से पूरा पूर्वी उत्तर प्रदेश का व्यापार संचालित होता था.
सीएम योगी की ये बात सुनकर मंच पर बैठे सांसद रवि किशन भी हंसने लगे और सभा में तालियां बजने लगीं. सीएम योगी भी ये कहते हुए मुस्कुराये. इससे पहले रवि किशन ने भी मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ की और कहा कि हमारे मुख्यमंत्री सिंगापुर और जापान दौरे से लौटे हैं उनके स्वागत में कोई कमी नहीं होनी चाहिए. हम डीजे वाले से कहेंगे कि ‘रंग बरसे’ गाना चलाइए.