Skip to content

Surat News: 12वीं के 2 स्टूडेंट्स ने किया सुसाइड, केमिस्ट्री का पेपर खराब होने से तनाव के बाद उठाया कदम

गुजरात के सूरत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां गुजरात बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान दो स्टूडेंट्स ने अपनी जान दे दी है. बताया जा रहा है कि केमेस्ट्री के पेपर के बाद छात्र और छात्रा तनाव में थे. यह घटना सूरत के बारडोली और डिंडोली इलाके से सामने आई है. पेपर देकर आने के बाद दोनों ने आत्महत्या करने का कदम उठा लिया. दोनों छात्र-छात्राओं की मौत से हड़कंप मचा हुआ है. परिजनों में मौत से कोहराम मचा हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. 

महाराष्ट्र से हैं दोनों मृतक 

पुलिस के मुताबिक यह घटना शनिवार (28 फरवरी) की बताई जा रही है. दोनों ही मृतक महाराष्ट्र के बताए जा रहे हैं. पुलिस ने पहली घटना में एक छात्रा की पहचान खुशी (20) के रूप में की है. खुशी बारडोली चीनी सहकारी कारखाने में तैनात एक कर्मचारी की बेटी है जो बाबेन गांव में अपने परिवार के साथ रहती है. शनिवार को छात्रा अपना केमिस्ट्री का पेपर देकर घर लौटी थी. शाम को जब घर पर कोई नहीं था तो उसने अपनी जान ले ली.

खुशी के माता-पिता जब घर वापस आए तो उनके होश उड़ गए. इसके बाद परिजनों ने तुरंत बारडोली पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा है. पुलिस के मुताबिक छात्रा दूसरी बार 12वीं की परीक्षा दे रही थी. 

डिंडोली से है दूसरी मौत का मामला

वहीं दूसरी घटना में 19 वर्षीय विलास प्रह्लाद पाटिल ने शनिवार रात को पेपर से पहले तैयारी करते हुए घर में अपनी जान ले ली. सोमवार (2 मार्च) को उसका पेपर था. रविवार (1 मार्च) को जब परिजन सुबह उठे तो हड़कंप मच गया.

पुलिस के मुताबिक छात्र ने अपनी मां को बताया था कि उसका केमिस्ट्री का पेपर अच्छा नहीं हुआ है. बता दें कि सूरत के 1 लाख 62 हजार से ज्यादा बच्चों ने गुजरात राज्य शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं में पंजीकरण कराया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *