Skip to content

Delhi News: दिल्ली NCR में गर्मी की दस्तक, 4 मार्च से 35 डिग्री पार करेगा पारा, होली पर कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली एनसीआर में गर्मी की शुरुआत हो चुकी है. 2 मार्च को भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है. आसमान साफ रहने से दिन भर तीखी धूप निकली और बीते 24 घंटों में 35 से 37 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गर्मी के आगमन की पुष्टि करते हुए 4 मार्च से बड़े बदलाव का संकेत दिया है. आगे आने वाले दिनों में धूल भरी हवाएं चल सकते हैं जिससे राजधानी के एक्यूआई में बढ़ोतरी देखने को मिल सकता है.

दिल्ली एनसीआर में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन के समय चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर रही है. घरों में पंखे और एयर कंडीशनर चलने लगे हैं, जिससे साफ है कि गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है. तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और फिलहाल इसमें राहत के कोई संकेत नहीं हैं.

4 मार्च से तापमान में बड़ा बदलाव

4 मार्च यानि होली के दिन से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है और आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है. न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 7 मार्च तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा और दिन के तापमान में लगातार इजाफा होता रहेगा.

पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर

मौसम विभाग के मुताबिक एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की ओर बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश के उत्तरी भाग में वर्षा के आसार हैं, जबकि उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा और पंजाब, हरियाणा, दिल्ली से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक तेज हवाएं चलेंगी.

 वहीं जानकारी के अनुसार दक्षिण भारत में मौसम सामान्य रहेगा, हालांकि दक्षिण तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश संभव है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *