Skip to content

राज्यसभा की 5 में से कितनी सीटों पर जितेगा NDA? मंत्री संतोष सुमन ने की बड़ी भविष्यवाणी

बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि बिहार से राज्यसभा की पांच सीटों पर होने वाले चुनाव में सभी पांचों सीटें एनडीए के खाते में जाएंगी. उनका कहना है कि एनडीए के पास पर्याप्त संख्या बल है, इसलिए जीत को लेकर किसी तरह का संदेह नहीं है.

गया में आईएएनएस से बातचीत के दौरान संतोष सुमन ने बताया कि फिलहाल किसी भी दल ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन जल्द ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि किस पार्टी से कौन उम्मीदवार राज्यसभा जाएगा. दूसरी ओर, महागठबंधन की तरफ से अभी तक नाम सामने नहीं आए हैं, हालांकि राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जरूर है कि राजद नेता तेजस्वी यादव को उम्मीदवार बनाया जा सकता है. लेकिन इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

युद्ध में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने में पीएम कर रहे प्रयास- संतोष सुमन

राजनीति के साथ-साथ मंत्री संतोष सुमन ने अंतरराष्ट्रीय हालात पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि ईरान-इजरायल युद्ध में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं. भारत सरकार कूटनीतिक स्तर पर बातचीत कर रही है और विशेष विमानों के जरिए भारतीय नागरिकों को सुरक्षित देश वापस लाया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि दो से चार दिनों के भीतर सभी भारतीय सुरक्षित भारत लौट आएंगे.

सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ कर रही काम- संतोष सुमन

संतोष सुमन ने इस पूरे तनावपूर्ण माहौल को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि जिस तरह पहले यूक्रेन युद्ध के समय भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया था, उसी तरह इस बार भी सरकार पूरी जिम्मेदारी से काम कर रही है. उन्होंने बिहार के लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, उनके परिजन सुरक्षित वापस लाए जाएंगे.

इसके साथ ही उन्होंने होलिका दहन के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए यही कामना है.

ये भी पढ़िए- तेजस्वी यादव के राज्यसभा जाने की चर्चा पर चिराग पासवान ने क्या कह दिया? RJD को चुभेगी ये बात!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *