होली के ठीक पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा दिया है. सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) में 3 फीसदी की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. इस फैसले के बाद अब महंगाई भत्ता बढ़कर 58 फीसदी हो जाएगा. त्योहार से पहले आई इस घोषणा से लाखों कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे हैं.
सरकार के फैसले के मुताबिक, सभी शासकीय सेवकों को भारत सरकार के समान अप्रैल 2026 से 58 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा. इससे कर्मचारियों की सैलरी में सीधा इजाफा होगा.
एरियर 6 किस्तों में मिलेगा
जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि का एरियर भी कर्मचारियों को दिया जाएगा. यह राशि मई 2026 से शुरू होकर 6 बराबर किस्तों में दी जाएगी. यानी कर्मचारियों को बढ़े हुए वेतन के साथ एरियर का भी फायदा मिलेगा. इससे आर्थिक रूप से भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
आज होली के शुभ अवसर पर राज्य के शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते में 3% की वृद्धि कर 58% करने का निर्णय किया है।
सभी शासकीय सेवकों को भारत सरकार के समान अप्रैल (पेड इन मई) 2026 के वेतन में 58% महंगाई भत्ता मिलेगा। जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक के एरियर की राशि मई 2026 से प्रारंभ होकर… pic.twitter.com/nf0RRc5nqh
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 2, 2026
पेंशनर्स को भी राहत
सरकार ने पेंशनर्स को भी बड़ी राहत दी है और उन्हें इस फैसले में बराबरी का लाभ दिया गया है. निर्णय के अनुसार जनवरी और फरवरी 2026 की पेंशन में 58 फीसदी महंगाई भत्ता जोड़ा जाएगा. इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मासिक आय में बढ़ोतरी होगी और उन्हें बढ़ती महंगाई से कुछ हद तक राहत मिलेगी. लंबे समय से पेंशनर्स भी डीए बढ़ाने की मांग कर रहे थे.
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिन में किसान कल्याण वर्ष के तहत बड़वानी में कैबिनेट बैठक हुई, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए. वहीं शाम को कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में यह बड़ा फैसला लिया गया.
सरकार का कहना है कि वह सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है. होली के मौके पर इस घोषणा को कर्मचारियों के लिए खास तोहफा माना जा रहा है. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं भी दीं.