चैत्र नवरात्रि और 19 मार्च 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे से पूर्व सीएम योगी आदित्यनाथ आयोध्या आएंगे.
दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित अयोध्या दौरे और चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर रामनगरी में प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. तैयारियों का जायजा लेने के लिए एडीजी जोन प्रवीण कुमार अयोध्या पहुंच चुके हैं और उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की है.
ADG ने की तैयारियों की समीक्षा
रामनगरी अयोध्या में आगामी 19 मार्च को राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन और चैत्र रामनवमी के पर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसी क्रम में एडीजी जोन प्रवीण कुमार अयोध्या पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अयोध्या पहुंचने के बाद एडीजी जोन ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया. इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की.
राष्ट्रपति के दौरे के पूर्व सीएम योगी आएंगे अयोध्या
राष्ट्रपति के अयोध्या आगमन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री के दौरे से पहले ही एडीजी जोन ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली है. देर शाम राम मंदिर परिसर में भी उच्च अधिकारियों के साथ बैठकों का दौर चलेगा, जिसमें वीवीआईपी मूवमेंट और रामनवमी के अवसर पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी.
‘श्रद्धालुओं की सुविधाओं का रखा जाएगा ध्यान’
उन्होंने भरोसा जताया कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आम लोगों के सहयोग से राष्ट्रपति के दौरे और रामनवमी के सभी कार्यक्रम सकुशल संपन्न कराए जाएंगे. किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा.