दिल्ली में मौसम बदलता हुआ नजर आ रहा है. मार्च के शुरूआती हफ्ते में ही देश की राष्ट्रीय राजधानी में गर्मी का अहसास होने लगा है. पारा धीरे-धीरे चढ़ने लगा है. मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था. वहीं होली के दिन यानी बुधवार (04 मार्च) को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियम रहने की संभावना है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक होली वाले दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. अगर पारा 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है, तो होली इस साल का सबसे गर्म दिन बन सकती है.
यह भी पढ़ें: जाम छलकाने वालों के लिए खुशखबरी! दिल्ली में होली पर खुली रहेंगी शराब की दुकानें
होली के दिन कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी ने बुधवार (04 मार्च) के लिए आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है. इस दिन सतह पर हवा की गति 15-25 किमी प्रति घंटा रहेगी और दिन के दौरान कभी-कभी 35 किमी प्रति घंटा तक के हवा के झोंके आ सकते हैं.
कहां कितना रहा तापमान?
सफदरजंग में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक), पालम में 29.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक), लोदी रोड में 31.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक), रिज में 31.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक) और आयानगर में 31.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक) दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें: सीएम रेखा गुप्ता ने दी होली की बधाई, भाईचारे और विकसित दिल्ली पर जोर
दिल्ली में AQI का स्तर क्या?
दिल्ली में मंगलवार (03 मार्च) सुबह सापेक्ष आर्द्रता 74 फीसदी और शाम को 33 फीसदी दर्ज की गई. मंगलवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 216 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. एक दिन पहले यह ‘मध्यम’ श्रेणी में था. वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, होली के दिन और 6 मार्च तक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने की संभावना है.
सीपीसीबी के मुताबिक शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है. समीर ऐप के अनुसार, 24 स्टेशन ‘खराब’, 19 स्टेशन ‘मध्यम’ और दो स्टेशन ‘अत्यंत खराब’ श्रेणी में थे. पंजाबी बाग में सबसे खराब एक्यूआई 389 दर्ज किया गया.