यूपी के जनपद के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पुष्पावती पूठ में 30 वर्षीय युवक विजय की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है. गुरुवार (5 मार्च) को विजय का शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बहादुरगढ़ थाने का घेराव किया. न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने थाने के मुख्य द्वार पर शव रखकर जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुष्पावती पूठ निवासी विजय (30 वर्ष) होली की शाम अपने घर के बाहर टहल रहा था. इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. विजय को तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए. इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है.
थाने के बाहर प्रदर्शन और पुलिस की मुस्तैदी
गुरुवार (5 मार्च) को पोस्टमार्टम के बाद जब विजय का शव घर पहुंचा, तो परिजनों का सब्र टूट गया. हत्यारों की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीण शव को लेकर थाने पहुंच गए. हंगामे की गंभीरता को देखते हुए सीओ स्तुति सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. उन्होंने आक्रोशित परिजनों से वार्ता की और उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया.
सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर
पुलिस जांच में एक अहम सुराग हाथ लगा है. वारदात के बाद भागते हुए हमलावर पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं. पुलिस इन फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. सीओ स्तुति सिंह ने आश्वासन दिया कि, “अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.”
पुलिस की कई टीमें दे रही हैं दबिश
फिलहाल, पुलिस की कई टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. आश्वासन मिलने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने को तैयार हुए. गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.