Skip to content

हापुड़ में कारोबारी की गला रेतकर हत्या, गोदाम पर मिला खून से लहूलुहान शव, जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ से कारोबारी की गला रेतकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक कारोबारी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. घटना की जानकारी जब पुलिस को हुई तो मौके पर एसपी हापुड़ ज्ञानंजय सिंह मय पुलिस फोर्स, स्वॉट टीम और फील्ड यूनिट के साथ पहुंच गए. एसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए मौके पर जांच पड़ताल की. पुलिस ने मृतक कारोबारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसपी ने कहा कि हत्यारों को पकड़ने के लिए पुलिस के द्वारा प्रयास शुरू कर दिए हैं और हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

जानकारी के अनुसार हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत अयात नगर, उत्तरी संस्कार कॉलोनी में रहने वाले विनोद कुमार (उम्र 42 वर्ष) पुत्र शीश रामपाल देर रात बछलौता रोड स्थित अभय इलेक्ट्रॉनिक गोदाम पर सो रहे थे. तभी रात में अज्ञात हमलावरों ने विनोद कुमार की गला रेतकर हत्या कर दी. इस घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह उस समय हुई, जब लोगों ने गोदाम की छत पर विनोद कुमार के शव को खून से लथपथ पड़ा देखा. इस घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी तो सूचना मिलते ही एसपी ज्ञानंजय सिंह, बाबूगढ़ थाने की पुलिस और स्वॉट टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से साक्ष्य भी एकत्रित किए.

परिजनों ने अभी तक किसी पर संदेह नहीं जताया- पुलिस 

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि विनोद कुमार गोदाम की छत के ऊपर रहते थे, उनकी किसी व्यक्ति ने धारदार हथियार से गले पर वार करके हत्या कर दी. इसके बाद फील्ड यूनिट की टीम, स्वॉट टीम और बाबूगढ़ थाने की पुलिस ने जांच पड़ताल की. इस घटना के अनावरण का प्रयास पुलिस कर रही है. एसपी ने बताया कि परिजनों से वार्ता करने पर पता चला है कि मृतक के फोन पर किसी व्यक्ति ने फोन किया था कि आज दुकान नहीं खुलेगी और कुछ अन्य बातें भी कर रहा था. फिलहाल परिजनों ने अभी तक किसी पर संदेह नहीं जताया है और न ही किसी से दुश्मनी होने की बात कही है.

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस की टीमें जांच पड़ताल कर रही है, मृतक कारोबारी विनोद कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसपी ने दावा किया है कि विनोद कुमार की गला रेतकर हत्या करने वाले अभियुक्त को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. फिलहाल हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है. हत्यारों ने विनोद कुमार की हत्या किस वजह से की, इसकी भी जांच पड़ताल में पुलिस जुटी है. पुलिस के द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है. वहीं घटना के बाद मृतक कारोबारी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *