Skip to content

हरियाणा राज्यसभा चुनाव: बीजेपी और कांग्रेस ने 1-1 सीट जीती, भूपेंद्र हुड्डा बोले- ‘बड़ी चुनौती थी लेकिन…’

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस ने एक एक सीट जीत ली है. बीजेपी के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर बौद्ध राज्यसभा सांसद चुने गए हैं. बीजेपी समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा है. देर रात तक चली मतगणना के बाद रात तकरीबन 1.30 पर चुनाव का नतीजा घोषित किया गया.

कांग्रेस के पांच विधायकों ने क्रॉस वोट किया और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में मतदान किया. वहीं कांग्रेस के चार विधायकों के वोट अवैध करार दिए गए, जबकि एक बीजेपी विधायक का वोट भी अवैध करार दिया गया. इंडियन नेशनल लोक दल के दो विधायकों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया.

ये लोकतंत्र की जीत- हुड्डा

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसे लोकतंत्र की जीत करार दिया और कहा कि बीजेपी ने वोट चोरी की पूरी कोशिश की मगर कांग्रेस प्रत्याशी को हरा नहीं पाए. उन्होंने कहा कि ये चुनाव कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती थी मगर उन्होंने इससे पार पाया. हुड्डा ने कहा कि जिन भी कांग्रेस विधायकों ने निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया वे प्रदेश की जनता के सामने एक्पोज हो गए हैं.

पूरे देश में जाएगा संदेश- कांग्रेस

वहीं हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने कहा कि आज के नतीजे से पूरे देश में संदेश जाएगा. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने कांग्रेस विधायकों को खरीदने की पूरी कोशिश की और शिमला में भी बीजेपी के नेता इसके लिए पहुंच गए थे मगर वे कांग्रेस प्रत्याशी को हरा नहीं पाए. उन्होंने कहा कि जिन भी कांग्रेस विधायकों ने बीजेपी के प्रत्याशी के लिए मतदान किया है उनपर कार्रवाई होगी.

कांग्रेस को विधायकों पर विश्वास नहीं- सीएम सैनी

उधर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चुनाव नतीजों पर कहा कि कांग्रेस को अपने विधायकों पर ही विश्वास नहीं इसलिए विधायकों को एक तरह से बंदी बना लिया गया और कांग्रेस के बड़े नेता पोलिंग एजेंट बने. उन्होंने कहा कि इनेलो भी इस चुनाव में कांग्रेस की बी टीम बन गई. इस चुनाव में और अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस को समर्थन दिया. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *