Skip to content

हरियाणा राज्यसभा चुनाव: ‘टिकट के बदले पैसे मांगने के आरोप निराधार’, कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का दावा

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सोमवार को उन आरोपों को ‘निराधार’ बताकर खारिज कर दिया कि विधानसभा चुनाव के टिकट के बदले एक दंपति से पैसे की मांग की गई थी. सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हरियाणा महिला कांग्रेस की एक पूर्व नेता के पति द्वारा लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है. उन्होंने कहा, “वे पिछले डेढ़ साल से कहां थी? वे मुझसे पहले मिले थे और महिला (हरियाणा महिला कांग्रेस की पूर्व नेता) ने हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष बनने की इच्छा व्यक्त की थी. मैंने उनसे कहा कि यह पार्टी तय करेगी.”

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि चूंकि उन्हें प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रमुख नहीं बनाया गया, इसलिए वे अब ऐसे निराधार आरोप लगा रही हैं. उनमें कोई सच्चाई नहीं है.” फिलहाल इस मामले में अभी किसी अन्य कांग्रेस नेता का बयान नहीं आया है.

महिला कांग्रेस नेता ने दिया इस्तीफा

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें पता चला है कि महिला कांग्रेस नेता ने इस्तीफा दे दिया है. आरोप सामने आने के बाद भाजपा ने भी कांग्रेस पर हमला बोला. यह मामला हरियाणा में तूल पकड़ चुका है. जिसके बाद अब कांग्रेस नेता की यह सफाई आई है.

बीजेपी प्रवक्ता ने लगाया था आरोप

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पहले आरोप लगाया था कि गौरव कुमार ने दावा किया था कि गांधी परिवार ने उनकी पत्नी को बावल विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का टिकट देने के बदले दंपति से सात करोड़ रुपये ‘वसूलने’ की कोशिश की थी. भंडारी ने नयी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में कहा कि कुमार ने कथित व्हाट्सएप चैट साझा की थी जिसमें प्रियंका गांधी वाद्रा सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के निजी सहायक शामिल थे. भंडारी ने उन्हें भ्रष्टाचार का ‘प्रथम दृष्टया सबूत’ बताया. भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने भी कुमार के दावों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘अंदर से भ्रष्ट’ है.

सुधांशु त्रिवेदी ने सिद्धू की टिप्पणियों का किया जिक्र

त्रिवेदी ने पंजाब कांग्रेस की पूर्व नेता नवजोत कौर सिद्धू की टिप्पणियों का भी जिक्र किया, जिन्होंने दावा किया था कि पार्टी में मुख्यमंत्री पद के लिए कम से कम 500 करोड़ रुपये की आवश्यकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *