हरियाणा के पानीपत में शनिवार को बदमाशों का आतंक देखने को मिला है, बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम एक मनी एक्सचेंज सेंटर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की. बदमाश दहशहत फैलाने के बाद मौके से भाग खड़े हुए, वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है. फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, यह मामला जिले के असंध रोड से सामने आया है, यहां बाइक सवार बदमाशों ने शनिवार को अनेजा पेट्रोल पंप के ठीक सामने स्थित दुकान के बाहर कई राउंड फायरिंग की. इतना ही नहीं वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.
बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने शनिवार सुबह से ही दुकान के आसपास करीब 5 बार रेकी की थी. बदमाश संभवतः सही समय का इंतजार कर रहे थे. दोपहर के समय जब असंध रोड पर चहल-पहल थी, तभी बदमाशों ने हथियार लहराते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.
पुलिस ने शुरू की जांच-पड़ताल
वहीं, दिनदहाड़े फायरिंग की सूचना मिलते ही पानीपत पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर CIA यूनिट, थाना पुलिस की टीमें, साइबर सेल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीमें पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने मौके से गोलियों के खोल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके.
घटना ने पुलिसिया प्रणाली पर खड़े किए सवाल
अनेजा पेट्रोल पंप के सामने व्यस्त असंध रोड पर हुई इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है. दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से मनी एक्सचेंज संचालक और उसके कर्मचारी बाल-बाल बच गए, लेकिन गोलियों के निशान दुकान के बाहर साफ देखे जा सकते हैं.
बदमाशों की गिफ्तारी के प्रयास तेज
डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर भर में नाकाबंदी कर दी गई है. प्राथमिक जांच में यह मामला रंगदारी या आपसी रंजिश का लग रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी भी आधिकारिक नतीजे पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है. सीआईए की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.