Skip to content

सत्यमेव जयते! कोर्ट से ‘कट्टर ईमानदार’ साबित होने के बाद सपरिवार दरबार साहिब पहुंचे अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के तथाकथित शराब घोटाला मामले में कोर्ट से कट्टर ईमानदार साबित होने पर आम आदमी पार्टी के राष्टीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी के साथ दरबार साहिब में मत्था टेक कर आशीर्वाद लिया. इस दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान और उनकी पत्नी समेत अन्य गणमान्यों ने भी मत्था टेका.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने दरबार साहिब में नमतस्तक होकर वाहेगुरु जी का शुक्रिया अदा किया. आम आदमी पार्टी के सभी बड़े-बड़े नेताओं के ऊपर झूठे आरोप लगाए गए थे. कीचड़ फेंका गया था और झूठे आरोपों पर षड्यंत्र करके हमारे पांच सबसे बड़े नेताओं को उठाकर जेल में डाल दिया गया था. एक सिटिंग मुख्यमंत्री को रात के अंधेरे में उसके घर से घसीटकर जेल में डाल दिया गया था. अदालत ने वे सारे आरोप खारिज कर दिए हैं और कहा है कि इतना भी सबूत नहीं है कि मुकदमा भी चल सके. अदालत ने हमें आरोप मुक्त कर दिया है.

हमारा सम्मान वापस लौटा है- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह वाहेगुरु जी की कृपा और उनके आशीर्वाद के बिना नहीं हो सकता था. इसके पहले भी मैं कई बार दरबार साहिब आया और वाहेगुरु जी का आशीर्वाद लेकर गया. अब जब हमारा सम्मान वापस लौटा है और हम सारे आरोपों से मुक्त हो गए हैं तो आज मैं, मेरी पत्नी, भगवंत सिंह मान और उनकी पत्नी सहित हम सपरिवार नतमस्तक होने और शुक्रिया अदा करने के लिए वाहेगुरु जी के चरणों में आए हैं. वाहेगुरु जी हमें रास्ता दिखाते रहें और ऐसे ही आगे भी अपना आशीर्वाद बनाए रखें. वाहेगुरु जी ने हमें जनता की सेवा करने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है और हम इसी तरह जनता की सेवा करते रहें.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में हमारी 4 साल से बहुत अच्छी सरकार चल रही है. लोगों के स्कूलों, अस्पतालों, स्वास्थ्य और अब महिलाओं के लिए काम किए गए हैं. लोगों का आशीर्वाद मिलता है, तभी हम जैसे मामूली लोग भी कुछ कर पाते हैं. अन्यथा इतने बड़े-बड़े लोगों के सामने हम जैसे मामूली लोगों की तो कोई औकात ही नहीं है. हम इसलिए टिके हुए हैं, क्योंकि वाहेगुरु जी का आशीर्वाद हमारे साथ है और हम सच के रास्ते पर चल रहे हैं.

पंजाब में अभी बहुत कुछ करना शेष- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि पंजाब में अभी बहुत कुछ करना शेष है. यदि हम चार वादे करके सात या आठ काम कर दें, तो हमारा बड़प्पन है. लेकिन आठ वादे करके केवल चार काम करना बड़प्पन नहीं है. हमने जितने वादे किए थे, वे सारे पूरे हो गए हैं. अगले एक साल के अंदर मान साहब और उनकी पूरी टीम ने बहुत बड़ी योजना बनाई है. अब पंजाब को अगले स्तर पर लेकर जाना है. बुनियादी ढांचे के स्तर पर और बच्चों को रोजगार देने के लिए काम करना है. शुक्रवार से इन्वेस्ट पंजाब शुरू हो रहा है और अब पंजाब में बहुत उद्योग आने लगे हैं. पूरे देश के बड़े-बड़े उद्योगपतियों की रुचि पंजाब में जागने लगी है कि पंजाब में जाकर निवेश करें. हम पंजाब के 3 करोड़ लोगों के साथ मिलकर राज्य को बिल्कुल अलग स्तर पर ले जाएंगे.

अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि गुरुवार को मैंने और भगवंत सिंह मान ने परिवार के साथ श्री सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेका. मुझ पर और मेरी पार्टी के कई नेताओं पर झूठे आरोप लगाए गए थे. अदालत ने सभी आरोप खारिज कर दिए और स्पष्ट कहा कि इतने भी सबूत नहीं हैं कि मुकदमा भी चलाया जा सके. सत्य की ये जीत बिना वाहेगुरु जी की कृपा के संभव नहीं थी. सच्चे पथ पर चलने वालों को गुरु जी की मेहर हमेशा मिलती है.

पार्टी को मिली सच के सूरज की किरण- भगवंत मान

इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पिछले दिनों दिल्ली की अदालत की ओर से सच का एक फैसला आया कि जो इल्जाम आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं पर लगाए गए थे और उन्हें जेल भेजा गया था, वे बिल्कुल झूठे निकले. अदालत ने कहा कि इन पर तो केस चलना या मुकदमा ही नहीं बनता. वे यह नहीं कह रहे कि नेता बरी हुए हैं, बल्कि वे यह कह रहे हैं कि मुकदमा ही शुरू नहीं हुआ और ट्रायल ही नहीं चला. इसलिए जो सच के सूरज की किरण आम आदमी पार्टी के लिए आई है, उसके शुक्राने के तौर पर आज माथा टेका है और अरदास की है.

भगवंत मान ने बताया कि हमने पंजाब की चढ़दी कला और सबके भले की अरदास की है कि परमात्मा सुबुद्धि और बल बख्शे, ताकि जो जनसेवा की जिम्मेदारी हम पर लगाई गई है, उसे हम निभा सकें. हमारी सरकार के लगभग चार साल पूरे होने वाले हैं, जिसके संबंध में बजट सत्र भी चल रहा है और लोक-हितैषी बजट पेश किया गया है ताकि पंजाब तरक्की करे और नंबर वन सूबा बने. हम सब बढ़-चढ़कर पंजाब को नंबर वन बनाने में अपना योगदान दे सकें, इसी संकल्प के साथ आज हम अपने परिवार समेत परमात्मा का शुक्रिया अदा करने आए हैं. हम चाहते हैं कि परमात्मा हमें इसी तरह सच और ईमानदारी की राह पर चलने का बल बख्शे ताकि हम देश और कौम की सेवा कर सकें. दरबार साहिब के गलियारे में प्रवेश करते समय जो शब्द चल रहा था कि यदि परमात्मा साथ है तो किसी बात का भय नहीं रहता. हम हमेशा उस वाहेगुरु के चरणों में माथा टेकने वाले लोग हैं.

अब पहले से ज्यादा खुश हैं पंजाब के किसान- भगवंत मान

भगवंत मान ने बताया कि पंजाब में किसानों की खुदकुशी के मामलों में अब बहुत बड़ी कमी आई है. जो ताजा रिपोर्ट सरकार के पास आई है, उसके अनुसार खुदकुशियां कम हुई हैं क्योंकि अब खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंच रहा है. 16 मार्च 2022 को जो पानी केवल 21 फीसदी खेतों तक पहुंचता था, आज मार्च 2026 में वह 75 से 80 फीसदी के पास पहुंच चुका है. बिजली बोर्ड ने अब स्वयं ऐलान कर दिया है कि वे दरें सस्ती कर सकते हैं. बिजली की खपत कम हुई है और दिन में बिजली मिल रही है. किसानों को एमएसपी भी मिल रही है. 

भगवंत मान ने बताया कि बुधवार को पंजाब सरकार विधानसभा में एक प्रस्ताव भी लाई थी. जो भारत-अमेरिका संधि हो रही है, उसमें खेती को बाहर रखने की मांग की गई है. यदि खेती को इससे बाहर नहीं किया गया, तो हमारा किसान जो अभी अपने खेत का मालिक है, वह केवल एक ग्राहक बनकर रह जाएगा. उसे बीज के लिए अलग बाजार पर निर्भर होना पड़ेगा और अमेरिका से आने वाले सस्ते अनाज या मक्का से हमारा किसान प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएगा. अमेरिका में खेतों का औसत आकार 500 एकड़ है, जबकि हमारे यहां ढाई एकड़ है. ऐसे में मुकाबला संभव नहीं है. प्रधानमंत्री जी को ऐसे किसान विरोधी फैसले नहीं लेने चाहिए.

पंजाब में आ रहे निवेशक, मिलेगा रोजगार- भगवंत मान

भगवंत मान ने जानकारी दी कि कि शुक्रवार, 13 मार्च से इन्वेस्ट पंजाब समिट शुरू हो रहा है, जो 15 मार्च तक चलेगा. इसमें न केवल पूरे देश से, बल्कि जापान, कोरिया, यूके, फ्रांस और स्विट्जरलैंड जैसे देशों से भी निवेशक आ रहे हैं. वे पहली बार पंजाब में फैक्ट्री लगाने और भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर बड़े प्लांट लगाने में रुचि दिखा रहे हैं. 20 मार्च को टाटा स्टील के प्लांट का उद्घाटन है और उत्पादन शुरू हो जाएगा. जमशेदपुर के बाद यह देश का दूसरा सबसे बड़ा स्टील प्लांट पंजाब में आ रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *