Skip to content

विश्वमांगल्य सभा के अधिवेशन में ‘सप्तमातृ’ सम्मान: भोपाल की रिषिका आहूजा को उद्यमिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान

भोपाल। विश्वमांगल्य सभा द्वारा आयोजित मध्यभारत प्रांत के दो दिवसीय अधिवेशन के दूसरे दिन रवींद्र भवन में समाज और कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाली सात महिलाओं को ‘सप्तमातृ’ सम्मान से सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला प्रतिभाओं को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान विश्वमांगल्य सभा के संस्थापक एवं श्रीनाथ पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी जितेंद्रनाथ महाराज और महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के कुलपति ब्रह्मचारी डॉ. गिरीश चंद्र वर्मा ने मंच से सातों महिला प्रतिभाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विश्वमांगल्य सभा की राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री पूजा देशमुख, मध्यप्रदेश की अध्यक्ष सूरज डामोर, विधायक एवं राष्ट्रीय जनसंपर्क प्रमुख तथा अखिल भारतीय संयोजिका अनुराधा यादव, मध्यभारत प्रांत की अध्यक्ष विभा रघुवंशी, कार्यक्रम की कार्यकारी अध्यक्ष लतिका चौहान और बविता अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

अधिवेशन के दौरान पंच परिवर्तन और समग्र भारतीय जीवनचर्या जैसे विषयों पर विभिन्न सत्रों का आयोजन भी किया गया, जिनमें भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और जीवन शैली पर चर्चा की गई।

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सात महिलाओं का सम्मान

‘सप्तमातृ’ सम्मान के अंतर्गत समाज और कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सात महिलाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल की सुश्री रिषिका आहूजा को उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अलावा दतिया जिले की श्रीमती रमा आर्य को ज्ञान के क्षेत्र में, बैतूल की श्रीमती साधना मिश्रा को कला के क्षेत्र में, ग्वालियर की श्रीमती महिमा तारे को समाजसेवा के क्षेत्र में, श्रीमती कोकिला सेठ को मातृत्व के क्षेत्र में, भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी श्रीमती सोनाली पोंकशे वायंगंकर को शक्ति क्षेत्र में तथा नर्मदापुरम की सुश्री प्रज्ञा भारती को धर्मक्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सुश्री प्रज्ञा भारती की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि ने मंच पर यह सम्मान प्राप्त किया।

भोपाल की रिषिका आहूजा ने उद्यमिता को दी नई पहचान

भोपाल की युवा उद्यमी रिषिका आहूजा ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व और सामाजिक प्रतिबद्धता के माध्यम से उद्यमिता को नई पहचान दी है। उन्होंने वर्ष 2017 में केवल तीन कर्मचारियों के साथ आरबी एसोसिएट कंपनी की स्थापना की थी, जो आज 400 करोड़ रुपए से अधिक वार्षिक टर्नओवर वाले सफल संगठन के रूप में विकसित हो चुकी है।
वर्तमान में उनके नेतृत्व में इस संगठन के माध्यम से 20 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

रिषिका आहूजा ने किसानों के हित में राष्ट्रीय कृषि बाजार (ई-नाम) डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रशिक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने में सहायता मिली है।
इसके अलावा भोपाल कृषि उपज मंडी समिति में मात्र पांच रुपए में भोजन उपलब्ध कराने जैसी सामाजिक पहल में सहयोग देकर उन्होंने किसानों, हम्मालों और श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल

रिषिका आहूजा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास से जुड़े कई प्रयास किए हैं, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
उनकी विशेषज्ञता आउटसोर्सिंग और मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में है तथा वे सामाजिक उद्यमिता, डिजिटल कृषि प्लेटफॉर्म प्रशिक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विशेष रूप से कार्य कर रही हैं।

विदेश से शिक्षा लेकर भोपाल में शुरू किया स्टार्टअप

रिषिका आहूजा ने यूरोप के डबलिन बिजनेस स्कूल से एमबीए की शिक्षा प्राप्त की है। विदेश में पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अपने शहर भोपाल लौटकर वर्ष 2017 में आरबी एसोसिएट ग्लोबल कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना की और स्टार्टअप के रूप में अपने व्यवसाय की शुरुआत की।
उन्होंने शिक्षा, उद्यमिता और सामाजिक संवेदनशीलता का अनूठा समन्वय प्रस्तुत करते हुए समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर किसानों और महिलाओं के उत्थान के लिए कई ठोस और प्रभावशाली पहल की हैं।

विश्वमांगल्य सभा के इस अधिवेशन में महिलाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक योगदान को सम्मानित करते हुए यह संदेश दिया गया कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके योगदान को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *