उत्तर प्रदेश स्थित पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद वरुण गांधी ने सपरिवार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है. वरुण के साथ इस दौरान उनकी पत्नी और बेटी उपस्थित रहीं.
इस संदर्भ में सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में वरुण ने लिखा- परिवार सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर उनका आर्शीर्वाद और मार्गदर्शन पाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. आपके आभामंडल में अद्भुत पितृवत स्नेह और संरक्षण का भाव है. आपसे हुई भेंट इस विश्वास को और भी दृढ़ बना देती है कि आप देश और देशवासियों के सच्चे अभिभावक हैं.
यह तस्वीर सामने आने के बाद सियासी गलियारों में अटकलें लगनी शुरू हो गईं हैं. माना जा रहा है कि अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में वरुण सक्रिय भूमिका अदा कर सकते हैं.
कई मौकों पर बीजेपी और केंद्र की आलोचना कर चुके हैं वरुण गांधी
बता दें वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले वरुण गांधी ने कई मौकों पर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार को लेकर तीखी आलोचना की. इसके अलावा सुल्तानपुर में जब वह अपनी मां और बीजेपी प्रत्याशी मेनका गांधी के प्रचार के लिए भी आखिरी दिन गए थे.
तब उन्हें बीजेपी ने पीलीभीत से टिकट नहीं दिया था. उस वक्त नाराजगी इस हद तक थी कि जिस मंच पर वरुण, मां के लिए प्रचार करने गए थे, वहां न तो उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा कोई पटका पहना था और न ही मंच पर आसपास कहीं पार्टी का झंडा लगा था.