Skip to content

लालू यादव, सुशील मोदी, उपेंद्र कुशवाहा के बाद अब नीतीश कुमार की बारी, बनाएंगे ये रिकॉर्ड

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार (05 मार्च) को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया. इसके साथ ही उनका राज्यसभा जाना तय हो गया है. नीतीश कुमार पहले बिहार विधानमंडल के दोनों ही सदनों के मेंबर रह चुके है. वो MLA और MLC रह चुके हैं. वो लोकसभा सदस्य भी रहे हैं, लेकिन राज्यसभा के सदस्य नहीं बन सके थे. ऐसे में अब उनका चारों सदन के सदस्य होने की ‘इच्छा’ साकार होने जा रही है.

नीतीश कुमार साल 1985 में पहली बार विधायक बने थे. वहीं, साल 1989 में पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए थे. इसके अलावा 2005 से वो विधान परिषद के सदस्य हैं और अब 2026 में वो राज्यसभा के मेंबर बनेंगे.

बिहार के 3 नेता रहे चारों सदन के मेंबर

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पहले बिहार के ऐसे तीन नेता हैं जो चारों सदन के सदस्य रह चुके हैं. इस लिस्ट में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद, दिवंगत पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी और उपेंद्र कुशवाहा जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं. वहीं अब इस स्पेशल लिस्ट में सीएम नीतीश कुमार का नाम भी शामिल हो जाएगा.

लालू प्रसाद यादव

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पहली बार साल 1977 में छठी लोकसभा के मेंबर चुने गए थे. लालू यादव साल 1980-89 के बीच बिहार विधान सभा के सदस्य चुने गए. इसके बाद साल 1990-95 में बिहार विधानपरिषद के सदस्य रहे. अप्रैल 2000 में लालू यादव राज्य सभा के लिए चुने गए.

सुशील कुमार मोदी का सियासी सफर

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी का राजनीतिक सफर बेहद ही अच्छा रहा है. सुशील मोदी भी चारों सदन के सदस्य रहे हैं. साल 1990 में वो पहले बार विधायक बने. वहीं 2004 में भागलपुर से लोकसभा के सांसद बने. 2005 में MLC चुने गए. इसके अलावा साल 2020 में राज्यसभा के लिए चुने गए. 

उपेंद्र कुशवाहा भी चारों सदन के मेंबर रहे

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा साल 2000 में पहली बार विधायक बनें. वहीं वो साल 2010 में वो राज्यसभा के लिए चुने गए. साल 2014 में वो लोकसभा के लिए चुने गए. इसके अलावा कुशवाहा साल 2021 में बिहार विधान परिषद के सदस्य चुने गए थे. मौजूदा वक्त में वो राज्यसभा के सदस्य हैं. उन्होंने एनडीए समर्थित प्रत्याशी के तौर पर राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर भी नामांकन दाखिल किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *