Skip to content

राष्ट्रपति भवन के परपल फेस्ट में MCD के दिव्यांग छात्रों का शानदार प्रदर्शन, पहली बार मिला मौका

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों ने इस बार राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान में आयोजित ‘परपल फेस्ट’ में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. पहली बार एमसीडी स्कूलों के छात्रों को इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिला, जहां उन्होंने नृत्य और फैंसी ड्रेस के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और आत्मविश्वास की झलक पेश की.

दिल्ली नगर निगम अपने विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. निगम विद्यालयों में समावेशी शिक्षा की व्यवस्था के माध्यम से दिव्यांग छात्रों को भी समान अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे अपनी प्रतिभा को पहचान सकें और समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें.

परपल फेस्ट में नृत्य और फैंसी ड्रेस से दिखाई प्रतिभा

राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान में आयोजित परपल फेस्ट में एमसीडी स्कूलों के 11 दिव्यांग छात्रों ने हिस्सा लिया. इनमें से दो छात्रों ने नृत्य प्रस्तुति दी, जबकि नौ छात्रों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया. छात्रों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की गई.

अमृत उद्यान का भ्रमण बना छात्रों के लिए खास अनुभव

कार्यक्रम में भाग लेने के साथ-साथ छात्रों को राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान का भ्रमण करने का भी अवसर मिला. यह अनुभव उनके लिए बेहद खास और प्रेरणादायक रहा, जहां उन्होंने देश की इस प्रतिष्ठित जगह को करीब से देखा और नए उत्साह के साथ अपनी क्षमताओं को महसूस किया.

अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट विकास डागर भी रहे मौजूद

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट एवं निगम विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विकास डागर भी उपस्थित रहे. उनके साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए. सभी ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की.

हर साल आयोजित होता है परपल फेस्ट

परपल फेस्ट का आयोजन हर वर्ष राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान में किया जाता है. इस कार्यक्रम में देशभर से आए दिव्यांग जन और छात्र भाग लेते हैं और अपनी प्रतिभा से मंच को रोशन करते हैं. इस वर्ष पहली बार एमसीडी स्कूलों के 11 दिव्यांग छात्रों को इसमें भाग लेने का मौका मिला, जो उनके लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

छात्रों को बेहतर अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है निगम

दिल्ली नगर निगम अपने विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है. निगम का लक्ष्य है कि प्रत्येक छात्र, चाहे वह किसी भी परिस्थिति में हो, अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सके और समाज में अपनी पहचान बना सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *