Skip to content

रामनवमी 2026: पटना के महावीर मंदिर में विशेष तैयारी, 2 बजे खुलेगा पट, सम्मानित होंगे ये 10 भक्त

रामनवमी को लेकर पटना के सुप्रसिद्ध महावीर मंदिर में हर साल की तरह इस साल भी विशेष तैयारी जारी है. इस बार पट खुलने के बाद सबसे पहले दर्शन करने वाले 10 भक्तों को मंदिर की ओर से सम्मानित किया जाएगा. बुधवार (25 मार्च, 2026) को सचिव सायन कुणाल ने इस संबंध में जानकारी दी. 

उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी देर रात 2 बजे भक्तों के लिए पट खुल जाएगा. करीब 15 मिनट तक पूजा-अर्चना होगी. 2:15 बजे से भक्त दर्शन करने लगेंगे. सायन कुणाल ने कहा कि हृषिकेश पंचांग के अनुसार 26 मार्च को अपराह्न  2:11 से नवमी तिथि का प्रवेश हो रहा है. 27 मार्च को 12:12 बजे नवमी तिथि समाप्त हो रही है. उदया तिथि को देखते 27 मार्च को रामनवमी का शुभ योग है, इसलिए महावीर मंदिर में 27 मार्च को ही रामनवमी मनाया जाएगा. 

बगैर फूल-माला-प्रसाद वाले भक्त दिन के 12:00 बजे के बाद एंट्री कर सकेंगे. भक्त लाइव दर्शन भी कर सकेंगे. इसके लिए मंदिर के बाहर इस बार 20 एलईडी स्क्रीन को लगाया जाएगा. सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन और पटना पुलिस के अलावा करीब 150 वॉलंटियर तैनात रहेंगे. महिला-पुरुष भक्तों के लिए मेडिकल टीम, एंबुलेंस, शौचालय आदि की व्यवस्था रहेगी.

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे

भक्तों के मनोरंजन के लिए बाहर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे. रामनवमी के दिन मंदिर के अंदर और बाहर भीड़ की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी. सायन कुणाल ने बताया कि पिछली बार (2025) रामनवमी के दिन 18000 किलो नैवेद्यम लड्डू की बिक्री हुई थी. इस बार 20000 किलो की बिक्री की उम्मीद है. इसके लिए 22 से 24000 नैवेद्यम प्रसाद बनाए जा रहे हैं. 

दूसरी ओर मंदिर को लाइट और फूलों से सजाने का काम चल रहा है. सभी फूल कोलकाता से मंगाए गए हैं. इस बार चार लाख से अधिक भक्तों के दर्शन करने की संभावना है. राम जन्मोत्सव के समय पुष्प की वर्षा होगी और भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा. इसके लिए 51 किलो के वजन का दो नैवेद्यम प्रसाद तैयार किया जा रहा है.

वीर कुंवर सिंह से लगेगी लाइन

जानकारी दी गई कि भक्तों की लाइन वीर कुंवर सिंह पार्क से लगेगी. स्टील और बांस की बैरिकेडिंग की जा रही है. वहीं मंदिर में जो नैवेद्यम प्रसाद का काउंटर है उसके अलावा बाहर में 14 अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *